मुंबई। देश के चर्चित हिप-हॉप रियलिटी शो ‘हसल 5-अपना होमग्राउंड’ को अपना नया विजेता मिल गया है। हरियाणा के सोनीपत निवासी 20 वर्षीय दक्ष पेंढारकर, जिन्हें रैप की दुनिया में ‘धड़कन’ के नाम से जाना जाता है, ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ट्रॉफी और एक करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि अपने नाम कर ली। रैप सुप्रीमो बादशाह और स्क्वॉड बॉस पैराडॉक्स की टीम से उभरे धड़कन ने अपनी जीत को वर्षों की मेहनत और सपनों का परिणाम बताया। विजेता बनने के बाद एक विशेष बातचीत में उन्होंने अपने संघर्ष, परिवार के सहयोग और भविष्य की योजनाओं पर चर्चा की।
धड़कन ने बताया कि जब वह पहले एपिसोड में मंच पर पहुंचे थे, तभी उन्होंने जीतने का लक्ष्य तय कर लिया था। हालांकि, शो के दौरान उनका ध्यान हर सप्ताह अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने पर रहा। विजेता घोषित किए जाने के समय वह भावुक हो गए और कुछ देर तक उन्हें अपनी जीत पर विश्वास नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि वह मध्यमवर्गीय परिवार से आते हैं और एक करोड़ रुपये की राशि का उपयोग अपने संगीत करियर को आगे बढ़ाने, खुद का संगीत तैयार करने और परिवार को सहयोग देने में करेंगे।
धड़कन को बचपन से कविता लिखने का शौक रहा है। उनके पिता भी कविताएं लिखते हैं। उन्होंने 12 वर्ष की उम्र में लिखना शुरू किया था और 16 साल की उम्र में ‘हसल’ के तीसरे सीजन के लिए ऑडिशन भी दिया था। पैराडॉक्स को वह अपना मार्गदर्शक और बड़े भाई जैसा मानते हैं। उनके अनुसार, पैराडॉक्स ने उन्हें रैपर से एक बेहतर संगीतकार और व्यावसायिक कलाकार बनने में मदद की।
धड़कन ने बताया कि उनके परिवार ने हमेशा पढ़ाई के साथ संगीत को आगे बढ़ाने की सलाह दी। अब उनका लक्ष्य सोनीपत में हिप-हॉप संस्कृति को बढ़ावा देना है। महाराष्ट्र से मिल रहे प्यार के बीच वह जल्द ही एक पूरा मराठी रैप ट्रैक भी तैयार करने की योजना बना रहे हैं।















