बांदा। जिले को दहला देने वाले कुल्हाड़ी हत्याकांड से पुलिस ने पर्दा उठा दिया है। पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल के सख्त निर्देश पर चलाए जा रहे अपराधी धरपकड़ अभियान में थाना कोतवाली देहात पुलिस को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। 9 अक्टूबर को महोखर निवासी संजीव कुमार ने थाना कोतवाली देहात में सूचना दी कि उसके भतीजे भोला उर्फ दर्शन पुत्र जगनन्दन की अज्ञात लोगों ने कुल्हाड़ी से काटकर बेरहमी से हत्या कर दी है। सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।एसपी पलाश बंसल ने तत्काल अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज के पर्यवेक्षण और सीओ सिटी सौरभ सिंह के नेतृत्व में 3 टीमें गठित कर दीं। घटनास्थल से टेक्निकल एविडेंस, खून के धब्बे और ग्रामीणों से पूछताछ के बाद पुलिस ने मुखबिर तंत्र को एक्टिव किया। मुखबिर की सटीक सूचना पर थाना कोतवाली देहात पुलिस ने हत्यारोपी को बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे से घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया। पकड़ा गया अभियुक्त गोविन्द उर्फ गुड्डन पुत्र बृजमोहन निवासी महोखर, थाना कोतवाली देहात, बांदा का निवासी हैं।पूछताछ में हत्यारे ने जो कबूला वो रोंगटे खड़े कर देने वाला है।
07 अक्टूबर की शाम मृतक भोला और हत्यारा गोविन्द साथ बैठकर शराब पी रहे थे। नशे में मामूली कहासुनी हुई और बात इतनी बढ़ गई कि गोविन्द ने पास रखी कुल्हाड़ी उठाकर भोला के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। मौके पर ही भोला की मौत हो गई और आरोपी बाइक से फरार हो गया।पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त खून से सनी कुल्हाड़ी और बाइक बरामद कर ली है।हत्याकांड का 72 घंटे के अंदर सफल अनावरण करने वाली कोतवाली देहात पुलिस टीम को पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल ने दस हजार रु0 के नकद पुरस्कार से सम्मानित किया है। गिरफ्तार अभियुक्त को न्यायालय के समक्ष पेश कर जेल भेजा गया है।















