इस्लामाबाद। पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में मंगलवार सुबह एक बड़ा रेल हादसा हो गया। कराची से पेशावर जा रही पैसेंजर ट्रेन रहमान बाबा एक्सप्रेस मुल्तान जिले के शेर शाह इलाके में पटरी से उतर गई। हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब 30 यात्री घायल हो गए। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और राहत एवं बचाव दलों ने तत्काल अभियान शुरू किया।
मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, हादसा स्थानीय समयानुसार सुबह करीब 5:15 बजे हुआ। ट्रेन शेर शाह रेलवे स्टेशन के पास से गुजर रही थी, तभी उसके डिब्बे पटरी से उतर गए। कुछ रिपोर्टों में ट्रेन के सभी 14 डिब्बों के पटरी से उतरने की जानकारी दी गई है। घायलों को एंबुलेंस की मदद से मुल्तान के निश्तर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार किया जा रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही बचावकर्मी और चिकित्सा दल मौके पर पहुंचे। राहत टीमों ने यात्रियों को ट्रेन से बाहर निकालकर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया। शुरुआती रिपोर्टों के मुताबिक, बचाव अभियान के दौरान घायलों को अस्पताल भेजने और प्रभावित यात्रियों की सहायता पर ध्यान दिया गया।
हादसे पर पाकिस्तान के राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी और प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने दुख जताया। प्रधानमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्य तेज करने तथा घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। रेलवे अधिकारियों ने दुर्घटना के कारणों की जांच के निर्देश भी दिए हैं।
फिलहाल हादसे की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। जांच के बाद ही पता चल सकेगा कि दुर्घटना तकनीकी खराबी, पटरी की समस्या या किसी अन्य कारण से हुई। इस घटना ने पाकिस्तान में रेलवे सुरक्षा और ट्रैक के रखरखाव को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।















