बांदा। चोर समझे थे कि डॉक्टर के सुनसान सरकारी आवास को निशाना बनाकर मध्य प्रदेश निकल जाएंगे और पुलिस हाथ मलती रह जाएगी, लेकिन एसपी पलाश बंसल की सर्विलांस और कोतवाली की ज्वाइंट टीम ने ऐसा जाल फेंका कि पूरा गैंग ही एक्सपोज हो गया। 19 अगस्त को मेडिकल कॉलेज बांदा में तैनात डॉ. विकास के सरकारी आवास में ताला तोड़कर लाखों की चोरी हो गई थी। चोर बाउंड्री फांदकर दो आवासों की कुंडी तोड़कर जेवर और नगदी समेट ले गए थे। एसपी बांदा के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज और सीओ सिटी सौरभ सिंह के पर्यवेक्षण में कोतवाली नगर और सर्विलांस की टीम लगी। सीसीटीवी सर्विलांस और मुखबिर के जाल से पुलिस झांझरा के जंगल तक पहुंच गई। पुलिस ने राजेश पुत्र कालू, निवासी गुराडिया,
थाना टांडा, जिला धार मध्यप्रदेश को धर दबोचा। उसके पास से 11 लाख का माल बरामद हुआ। 45 ग्राम और 29 ग्राम के 2 सोने के टंच हार, 1 सफेद धातु की अंगूठी, साड़ी पिन, 2 ज्वेलरी बैग और 4160 रुपये नगद, शातिर ने कबूला “मैं अपने सगे भाई सुमल और 2 साथियों शंकर और भीलू के साथ मिलकर चोरी करता हूं। हमारा निशाना मेडिकल कॉलेज, हॉस्टल और सुनसान बड़े सरकारी आवास होते हैं। यूपी, एमपी, राजस्थान में कई वारदातें की हैं। पुलिस अब इसके आपराधिक इतिहास को खंगाल रही है और इसके 3 फरार साथियों – सुमल, शंकर और भीलू की तलाश में दबिश दे रही है।















