कृषि यंत्रों पर अनुदान के लिए 20 अक्टूबर तक करें ऑनलाइन बुकिंग.

मुजफ्फरनगर। कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत कृषि यंत्रों और फसल अवशेष प्रबंधन से संबंधित उपकरणों पर अनुदान प्राप्त करने के लिए किसानों को ऑनलाइन बुकिंग का अवसर दिया गया है। उप कृषि निदेशक प्रमोद सिरोही ने बताया कि सब मिशन ऑन एग्रीकल्चर मैकेनाइजेशन और प्रमोशन ऑफ एग्रीकल्चर मैकेनाइजेशन फॉर इन-सीटू मैनेजमेंट ऑफ क्रॉप रेजिड्यू सहित यंत्रीकरण की अन्य योजनाओं में अनुदान के लिए बुकिंग 7 अक्टूबर 2026 को दोपहर 12 बजे से शुरू हो गई है। किसान 20 अक्टूबर 2026 की रात 12 बजे तक आवेदन कर सकते हैं।

उन्होंने बताया कि कृषि निदेशालय, उत्तर प्रदेश, लखनऊ से जनपद को विभिन्न कृषि यंत्रों के लक्ष्य प्राप्त हुए हैं। इनमें कस्टम हायरिंग सेंटर, ट्रैक्टर माउंटेड क्रॉप रीपर, जीरो टिल सीड कम फर्टिलाइजर ड्रिल, सुपर सीडर, हैप्पी सीडर, पैडी स्ट्रा चॉपर, रीपर कंबाइनर, रोटरी स्लेशर, बेलिंग मशीन और सरफेस सीडर जैसे फसल अवशेष प्रबंधन के उपकरण शामिल हैं। इसके अलावा आलू खोदने और बोने की मशीन, पावर चाफ कटर, स्प्रेयर, गन्ना कटर प्लांटर, मल्टीक्रॉप प्लांटर, स्ट्रा रीपर, मिनी राइस मिल, ऑयल मिल, रोटावेटर, हैरो, कल्टीवेटर, कंबाइन हार्वेस्टर, पावर वीडर, कृषि ड्रोन, फार्म मशीनरी बैंक और अन्य कृषि यंत्रों पर भी योजना के तहत अनुदान का प्रावधान है।

प्रमोद सिरोही ने बताया कि इच्छुक किसान स्वयं अथवा जनसेवा केंद्र के माध्यम से विभागीय पोर्टल agriculture.up.gov.in पर ऑनलाइन बुकिंग कर सकते हैं। आवेदन के लिए किसान अपने मोबाइल नंबर या परिवार के रक्त संबंधी सदस्य के मोबाइल नंबर का उपयोग कर सकते हैं। इसमें माता, पिता, भाई, बहन, पुत्र, पुत्री और पुत्रवधू के मोबाइल नंबर मान्य होंगे। किसानों से अपील की गई है कि वे निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन कर कृषि यंत्रीकरण योजनाओं का लाभ उठाएं।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts