आईआईए की बैठक में उद्योगों के विकास और बेहतर प्रबंधन पर मंथन.

मुजफ्फरनगर। इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (आईआईए) मुजफ्फरनगर चैप्टर की ऑल मेंबर्स जनरल मीटिंग का आयोजन होटल स्वर्ण इन एंड सुइट्स में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रगान के साथ हुआ। बैठक में उद्यमियों को आधुनिक प्रबंधन तकनीकों, वित्तीय आंकड़ों की निगरानी, टीमवर्क और व्यवसाय विस्तार के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में वाधवानी फाउंडेशन से पहुंचीं सलोनी कौल, वीना हेमसागर, नीता प्रसाद और तरुणा कुमार तथा सीए अतुल अग्रवाल का आईआईए डिविजनल चेयरमैन पवन कुमार गोयल, पूर्व चेयरमैन मनोज अरोरा, जॉइंट सेक्रेटरी पंकज मित्तल, एफसी मोघा और प्रीतुल जैन ने पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया।आईआईए चैप्टर चेयरमैन अमित जैन ने कहा कि उद्योगों की प्रगति के लिए बेहतर योजना, प्रभावी प्रबंधन, टीमवर्क और जिम्मेदारियों का उचित निर्धारण आवश्यक है। उन्होंने उद्यमियों से व्यवसाय विस्तार के लिए नई रणनीतियां अपनाने और प्रबंधन व्यवस्था मजबूत करने का आह्वान किया।

सीए अतुल अग्रवाल ने ‘बिजनेस ओनर से बिजनेस बिल्डर तक: पांच महत्वपूर्ण आंकड़े, जिन्हें हर उद्यमी को जानना चाहिए’ विषय पर विचार रखे। उन्होंने वित्तीय आंकड़ों की नियमित निगरानी और उनके आधार पर व्यावसायिक निर्णय लेने के महत्व को समझाया।इट्स पीपल की संस्थापक एवं सीईओ तथा ‘द रोड टू 100 करोड़’ पुस्तक की लेखिका सलोनी कौल ने लघु एवं मध्यम उद्योगों में दूसरी पंक्ति का नेतृत्व तैयार करने, कर्मचारियों को जिम्मेदारियां सौंपने और कार्यों का प्रभावी बंटवारा करने पर मार्गदर्शन दिया। वहीं, वीना हेमसागर, नीता प्रसाद और तरुणा कुमार ने परिचर्चा के माध्यम से उद्यमियों से संवाद किया।

कार्यक्रम का संचालन आईआईए चैप्टर सचिव राहुल मित्तल ने किया। समापन पर अतिथियों को स्मृति-चिह्न देकर सम्मानित किया गया। डिविजनल चेयरमैन पवन कुमार गोयल ने सभी अतिथियों, वक्ताओं और सदस्यों का आभार जताया। बैठक में आईआईए के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में उद्यमी उपस्थित रहे।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts