SIR के खिलाफ चुनाव आयोग और चुनाव प्रक्रिया को लेकर INDIA गठबंधन के आंदोलन में अब आपसी मतभेद सामने आने लगे हैं. राहुल गांधी और कांग्रेस पिछले तीन दिनों से दिल्ली में आंदोलन कर रहे हैं. आज रात कांग्रेस समेत विपक्षी दलों का प्रतिनिधिमंडल राष्ट्रपति से मुलाकात करेगा, लेकिन उद्धव ठाकरे की शिवसेना यानी UBT इस प्रतिनिधिमंडल में शामिल नहीं होगी.सूत्रों के मुताबिक, UBT शिवसेना का कहना है कि उन्हें आखिरी वक्त पर न्योता दिया गया. वहीं, उद्धव ठाकरे आज मुंबई में सांसदों और विभाग प्रमुखों के साथ बैठक कर रहे हैं, जिसके कारण पार्टी के सांसद दिल्ली नहीं पहुंच पाएंगे. संजय राउत भी दो दिन के पुणे दौरे पर हैं.
बीजेपी ने यूबीटी शिवसेना पर साधा निशाना
UBT शिवसेना के इस फैसले को लेकर बीजेपी ने INDIA गठबंधन पर निशाना साधा है. महाराष्ट्र सरकार में मंत्री और बीजेपी नेता आशीष शेलार ने कहा कि INDIA गठबंधन और महाविकास आघाड़ी में सब कुछ ठीक नहीं है. उनके मुताबिक, असंतुष्ट और असफल नेता सिर्फ बीजेपी और मोदी सरकार का विरोध करने के लिए एकजुट हुए हैं, लेकिन वे इसमें भी सफल नहीं होंगे.
क्या इंडिया गठबंधन में पड़ गई है दरार?
आशीष शेलार ने विपक्षी दलों के बीच मतभेदों का जिक्र करते हुए कहा कि ममता बनर्जी के बोलने पर कांग्रेस पीछे से हंसी-मजाक करती हैं. समाजवादी पार्टी कांग्रेस को उसकी औकात दिखाने की बात करती है और अब UBT शिवसेना भी कांग्रेस के साथ नहीं आई है. शेलार ने विपक्षी गठबंधन को असफल नेताओं का समूह बताते हुए कहा कि यह गठबंधन कभी सफल नहीं होगा.ऐसे में सवाल उठ रहा है कि क्या SIR के खिलाफ विपक्ष की लड़ाई में INDIA गठबंधन के भीतर ही दरार पड़ने लगी है, या फिर UBT शिवसेना का यह फैसला सिर्फ कार्यक्रम और समय की व्यस्तता की वजह से है?















