जनगणना-2027 के फील्ड ट्रेनर्स का तीन दिवसीय प्रशिक्षण संपन्न.

मुजफ्फरनगर। भारत की जनगणना-2027 के द्वितीय चरण (जनसंख्या गणना) के सुचारू, व्यवस्थित एवं पारदर्शी संचालन के लिए एस.डी. पब्लिक स्कूल, भोपा रोड पर आयोजित तीन दिवसीय फील्ड ट्रेनर्स प्रशिक्षण कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हो गया। प्रशिक्षण के अंतिम दिन नवागंतुक अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) एवं जिला जनगणना अधिकारी गंभीर सिंह ने प्रशिक्षण स्थल का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने मास्टर ट्रेनर्स और प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे प्रतिभागियों से संवाद कर प्रशिक्षण की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि जनगणना राष्ट्रीय महत्व का कार्य है, इसलिए इसे सर्वोच्च प्राथमिकता और पूरी गंभीरता के साथ संपन्न कराया जाना चाहिए। उन्होंने फील्ड स्तर पर आंकड़ों की शुद्धता सुनिश्चित करने, तकनीकी उपकरणों एवं डिजिटल प्रणालियों का प्रभावी उपयोग करने और कार्य से जुड़े सभी अधिकारियों व कर्मचारियों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।

तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान मास्टर ट्रेनर्स ने फील्ड ट्रेनर्स को जनगणना-2027 की संपूर्ण कार्यप्रणाली की विस्तार से जानकारी दी। प्रशिक्षण में प्रश्नावली भरने की प्रक्रिया, डिजिटल सॉफ्टवेयर एवं पोर्टल के तकनीकी संचालन और जनगणना के दौरान जमीनी स्तर पर आने वाली व्यावहारिक समस्याओं के समाधान के बारे में बताया गया। प्रशिक्षणार्थियों को निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार कार्य करने तथा आंकड़ों को सही तरीके से दर्ज करने की जानकारी भी दी गई।

प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले फील्ड ट्रेनर्स अब तहसील स्तर पर प्रगणकों और सुपरवाइजर्स को प्रशिक्षित करेंगे। इसके माध्यम से जनगणना कार्य में लगे कर्मचारियों को आवश्यक तकनीकी एवं व्यावहारिक जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि जनगणना का कार्य निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार संपन्न हो सके। कार्यक्रम में नगर मजिस्ट्रेट, जनगणना निदेशालय से नामित जनपद प्रभारी, संबंधित चार्ज अधिकारी, ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर, जनगणना सहायक तथा संस्थान के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts