मुजफ्फरनगर। नंद बाबा दुग्ध मिशन, उत्तर प्रदेश के अंतर्गत संचालित मिनी नंदिनी योजना 2026-27 के लिए जनपद में 3 पुरुष और 3 महिला लाभार्थियों का चयन ई-लॉटरी के माध्यम से किया गया। विकास भवन सभागार में मुख्य विकास अधिकारी कंडारकर कमल किशोर देशभूषण की अध्यक्षता में गठित चयन समिति की मौजूदगी में नंद बाबा दुग्ध मिशन पोर्टल पर पारदर्शी तरीके से ई-लॉटरी की प्रक्रिया पूरी की गई। इस दौरान आवेदक पुरुष एवं महिला अभ्यर्थी भी उपस्थित रहे।योजना के तहत 31 जुलाई 2026 तक ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए थे। जनपद में कुल 174 आवेदकों ने ऑनलाइन आवेदन किया था। जांच के बाद पोर्टल पर ई-लॉटरी के लिए 77 आवेदक पात्र पाए गए। इन्हीं पात्र आवेदकों में से निर्धारित लक्ष्य के अनुसार 3 पुरुष और 3 महिला लाभार्थियों का चयन किया गया। चयनित लाभार्थियों को पोर्टल पर अप्रूव किया गया, जबकि शेष पात्र आवेदकों को प्रतीक्षा सूची में रखा गया है।
चयन समिति में नोडल अधिकारी डा. संदीप सिंह, मुख्य पशुचिकित्सा अधिकारी डा. जितेंद्र गुप्ता, उपदुग्धशाला विकास अधिकारी के प्रतिनिधि लेखराज सिंह तथा जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक अनिल सिंह उपस्थित रहे। मुख्य विकास अधिकारी ने अभ्यर्थियों को योजना के प्रावधानों और चयन प्रक्रिया की जानकारी दी। मुख्य पशुचिकित्सा अधिकारी ने पोर्टल पर ई-लॉटरी की प्रक्रिया समझाते हुए आवेदकों को रेंडमाइजेशन सूची में उनके नाम दिखाए। उप मुख्य पशुचिकित्साधिकारी डा. सुमित कौशिक ने पोर्टल पर ई-लॉटरी की स्टेप-बाय-स्टेप प्रक्रिया पूरी कराई।ई-लॉटरी के बाद कुल 71 आवेदकों को प्रतीक्षा सूची में रखा गया है। इनमें पुरुष वर्ग के 49 और महिला वर्ग के 22 आवेदक शामिल हैं। अधिकारियों ने बताया कि पूरी चयन प्रक्रिया ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से पारदर्शी तरीके से संपन्न कराई गई।























































