मुजफ्फरनगर। कांवड़ यात्रा को सकुशल, सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के उद्देश्य से मुजफ्फरनगर पुलिस लगातार कांवड़ मार्गों पर सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को मजबूत बनाए हुए है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के निर्देशन में पुलिस अधिकारियों द्वारा लगातार निरीक्षण और चेकिंग की जा रही है। भारी वर्षा के बीच पुलिस अधीक्षक नगर अमृत जैन ने शिव चौक पहुंचकर यातायात व्यवस्था का मौके पर निरीक्षण किया। उन्होंने पुलिस बल के साथ यातायात संचालन कराया और श्रद्धालुओं व आमजन के आवागमन को सुगम बनाए रखने के लिए आवश्यकतानुसार यातायात को नियंत्रित कराया।
इस दौरान उन्होंने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को पूरी सतर्कता के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने के निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक नगर ने कहा कि कांवड़ यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। बारिश समेत किसी भी प्रतिकूल मौसम में यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो, इसके लिए पुलिसकर्मी लगातार मौके पर मौजूद रहकर व्यवस्था संभालें। मुजफ्फरनगर पुलिस द्वारा कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम आवागमन और शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखने के लिए लगातार प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं।























































