मुजफ्फरनगर। कांवड़ यात्रा-2026 को सकुशल, निर्विघ्न एवं दुर्घटनामुक्त संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस उपमहानिरीक्षक सहारनपुर परिक्षेत्र अभिषेक सिंह ने जिलाधिकारी उमेश मिश्रा एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के साथ शिव चौक पहुंचकर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। अधिकारियों ने शिव चौक एवं आसपास के कांवड़ मार्गों पर श्रद्धालुओं की भीड़, यातायात संचालन, पुलिस बल की तैनाती, बैरिकेडिंग तथा अन्य सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान पुलिस उपमहानिरीक्षक ने ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पूरी सतर्कता और मुस्तैदी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान लाखों शिवभक्त जनपद से होकर गुजर रहे हैं, ऐसे में उनकी सुरक्षा और सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। श्रद्धालुओं के साथ सहयोगात्मक व्यवहार रखने तथा किसी भी प्रकार की परेशानी होने पर तत्काल सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए।अधिकारियों ने यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने और भीड़ प्रबंधन पर विशेष ध्यान देने को कहा। साथ ही किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए पुलिस एवं प्रशासनिक टीमों को त्वरित और प्रभावी कार्रवाई के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए गए। शिव चौक क्षेत्र में लगातार निगरानी रखने तथा यातायात को व्यवस्थित तरीके से संचालित करने पर भी जोर दिया गया।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा, यातायात प्रबंधन और श्रद्धालुओं की सुविधा में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पुलिस एवं प्रशासन की टीमें लगातार क्षेत्र में सक्रिय रहकर व्यवस्थाओं की निगरानी कर रही हैं। अधिकारियों ने ड्यूटी प्वाइंटों पर तैनात पुलिसकर्मियों का उत्साहवर्धन करते हुए पूरी जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए।























































