तहसील स्तरीय कराटे प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने दिखाया दम

मुजफ्फरनगर। होली चाइल्ड पब्लिक इंटर कॉलेज, जड़ौदा में तहसील एवं जनपदीय कराटे प्रतियोगिता (बालक एवं बालिका वर्ग) का आयोजन उत्साहपूर्ण माहौल में किया गया। प्रतियोगिता का शुभारंभ प्रधानाचार्य प्रवेंद्र दहिया, शारीरिक शिक्षक नितिन बालियान, कोच नीरज सैनी, सतकुमार तथा शिवकुमार ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। प्रतियोगिता का उद्देश्य छात्र-छात्राओं में खेल भावना का विकास करना, उनकी प्रतिभा को मंच प्रदान करना तथा मंडल स्तर की प्रतियोगिता के लिए योग्य खिलाड़ियों का चयन करना रहा। प्रतियोगिता में जनपद के विभिन्न विद्यालयों के लगभग 40 खिलाड़ियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपने शानदार प्रदर्शन से दर्शकों का उत्साह बढ़ाया। इसमें राजकीय इंटर कॉलेज, होली चाइल्ड पब्लिक इंटर कॉलेज जड़ौदा, डीएवी इंटर कॉलेज जानसठ, जैन कन्या पाठशाला इंटर कॉलेज, एफडी इस्लामिया इंटर कॉलेज तथा बरला इंटर कॉलेज के खिलाड़ियों ने विभिन्न भार एवं आयु वर्गों में मुकाबले खेले।

अंडर-14 बालक एवं बालिका वर्ग में अनंत कुमार, युग दहिया, आर्यन कुमार, निशांत, अभिनव, अरिहंत, देव, आरव, अनामिका, सोनाक्षी, अदिति, शिवि, पीहू तथा फबिया ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए मंडल स्तरीय प्रतियोगिता के लिए अपना स्थान सुनिश्चित किया। वहीं अंडर-17 वर्ग में उज्ज्वल, प्रिंस कुमार, आयुष्मान, उत्कर्ष राठी, रिहान और अक्षरा का चयन किया गया। अंडर-19 वर्ग में शरद सिंह, अक्षत, आर्यन, दिव्यांश, शबरीन तथा आशमा ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए अगले चरण के लिए क्वालीफाई किया।

प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों ने कराटे की तकनीक, अनुशासन और आत्मविश्वास का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। निर्णायक मंडल की जिम्मेदारी सेंसुई नीरज सैनी और आरती ने निभाई, जबकि सहायक निर्णायक के रूप में नितिन बालियान और सतकुमार मौजूद रहे। सभी मुकाबले निष्पक्ष और खेल भावना के अनुरूप संपन्न कराए गए। कार्यक्रम के समापन पर होली चाइल्ड पब्लिक इंटर कॉलेज के शारीरिक शिक्षक नितिन बालियान ने मंडल स्तर के लिए चयनित सभी खिलाड़ियों को मेडल पहनाकर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि नियमित अभ्यास, अनुशासन और मेहनत के बल पर खिलाड़ी राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर भी सफलता हासिल कर सकते हैं। प्रतियोगिता के सफल आयोजन पर विद्यालय परिवार, प्रशिक्षकों, निर्णायकों, प्रतिभागियों और अभिभावकों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए चयनित खिलाड़ियों को आगामी प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं दीं।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts