खतरनाक स्टंट का वीडियो वायरल-सुरक्षा पर उठे सवाल

बांदा। नगर कोतवाली क्षेत्र के मवई बाईपास पर कुछ युवकों ने चलती कारों की छत पर बैठकर खतरनाक स्टंट किया। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद यातायात पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े हो गए हैं।वायरल वीडियो में साफ दिख रहा है कि दो काली कारें तेज रफ्तार से दौड़ रही हैं। एक कार में काले कपड़े पहने युवक और दूसरी में सफेद टी-शर्ट वाला युवक कार की छत पर बैठे हुए हैं। चलते वाहन की छत से दोनों युवक हाथ हिला रहे हैं, पोज दे रहे हैं और राहगीरों की परवाह किए बिना स्टंट कर रहे हैं। बेखौफ अंदाज में किए गए इस स्टंट के दौरान न सिर्फ युवकों की खुद की जान खतरे में पड़ी, बल्कि सड़क पर चल रहे अन्य राहगीरों और वाहन चालकों की सुरक्षा भी दांव पर लग गई। युवकों ने खुलेआम कानून को चुनौती देते हुए हाईवे पर स्टंट किया।वीडियो वायरल होने के बाद आम लोगों में नाराजगी है।

लोग पूछ रहे हैं कि आखिर शहर की सड़कों पर ऐसे स्टंटबाजों पर कब लगाम लगेगी।फिलहाल वीडियो की पुष्टि और कारों के नंबरों के आधार पर पुलिस जांच में जुटी है। यातायात नियमों का उल्लंघन और सार्वजनिक स्थान पर जानबूझकर खतरा पैदा करने के आरोप में युवकों के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठ रही है।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वीडियो का संज्ञान लिया गया है और जल्द ही पहचान कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts