मुजफ्फरनगर। आगामी प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी)-2026 को निष्पक्ष, पारदर्शी और नकलविहीन संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी उमेश मिश्रा की अध्यक्षता में जिला पंचायत सभागार में बैठक आयोजित की गई। बैठक में सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टेटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक और कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधियों को परीक्षा की तैयारियों के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने बताया कि पीईटी-2026 की परीक्षा 25 अक्टूबर, 30 अक्टूबर और 1 नवंबर 2026 को आयोजित की जाएगी। प्रत्येक परीक्षा तिथि पर दो पालियों में परीक्षा होगी। प्रथम पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा द्वितीय पाली दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित की जाएगी। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि परीक्षा से पहले सभी व्यवस्थाएं पूरी कर ली जाएं और परीक्षा के दिन सभी कार्मिक निर्धारित समय से पहले अपने केंद्रों पर पहुंचना सुनिश्चित करें।जिलाधिकारी ने पुलिस प्रशासन को सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा केंद्रों के कक्षों और परिसर में सीसीटीवी कैमरे पूरी तरह क्रियाशील रहने चाहिए। परीक्षार्थियों को सघन तलाशी के बाद ही केंद्र में प्रवेश दिया जाए। मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ सहित अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण परीक्षा केंद्र के अंदर ले जाना प्रतिबंधित रहेगा।
उन्होंने निर्देश दिए कि बाहर से आने वाले परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए पेयजल, महिला एवं पुरुषों के लिए अलग-अलग शौचालय और हेल्प डेस्क की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि परीक्षा की शुचिता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा। लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और परीक्षा में बाधा डालने वाले असामाजिक तत्वों या सॉल्वर गैंग के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रशासन देश दीपक सिंह, उप जिलाधिकारी कृष्णकांत, जिला विद्यालय निरीक्षक हरिकेश यादव, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संदीप कुमार, आयोग के समन्वय अधिकारी, जिला बंदोबस्त चकबंदी अधिकारी सहित संबंधित अधिकारी और केंद्र व्यवस्थापक मौजूद रहे।















