झिंझाना। झिंझाना पुलिस ने अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। उनकी निशानदेही पर अलग-अलग स्थानों से चोरी की गई 14 मोटरसाइकिल बरामद हुई हैं। पुलिस के अनुसार, गिरोह के सदस्य दिल्ली, हरियाणा और उत्तर प्रदेश से मोटरसाइकिल चोरी कर उत्तराखंड में बेचते थे। गिरोह का एक अन्य सदस्य मौके से फरार हो गया।पुलिस के अनुसार, गुरुवार को ऊन-थानाभवन मार्ग पर संत निरंकारी आश्रम के सामने चेकिंग के दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन संदिग्धों को रोका गया। पूछताछ और जांच में उनकी पहचान इंतजार निवासी मोहल्ला खेल, कांधला, रामसेवक उर्फ बबलू निवासी खानपुर कलां और इरफान निवासी पावटी कलां, थाना झिंझाना के रूप में हुई। उनके कब्जे से कांधला क्षेत्र से चोरी की गई एक स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल बरामद हुई।
इसके बाद पुलिस ने आरोपितों की निशानदेही पर ऊन-थानाभवन मार्ग स्थित एक बंद पड़े भट्टे से 13 अन्य मोटरसाइकिल बरामद कीं। इस तरह कुल 14 बाइक बरामद हुई हैं। इनमें स्प्लेंडर, प्लेटिना, पैशन और पल्सर समेत विभिन्न कंपनियों की मोटरसाइकिल शामिल हैं। कुछ बाइक पर नंबर प्लेट नहीं मिली।पुलिस के मुताबिक, आरोपित मास्टर चाबी से दोपहिया वाहनों के लॉक खोलकर चोरी करते थे। चोरी की मोटरसाइकिलों को अलग-अलग स्थानों पर छिपाकर रखा जाता था। बाद में इन्हें उत्तराखंड में बेचकर मिलने वाली रकम आपस में बांट लेते थे। बरामद मोटरसाइकिलों में दिल्ली, हरियाणा और उत्तर प्रदेश से चोरी किए जाने के मामले सामने आए हैं। अन्य मोटरसाइकिलों के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस ने बताया कि गिरोह का एक अन्य सदस्य मुर्सलीन उर्फ बटे मौके से फरार हो गया। उसकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। गिरफ्तार आरोपितों के खिलाफ झिंझाना थाने में मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। टीम में प्रभारी निरीक्षक वीरेंद्र कसाना, ऊन चौकी प्रभारी राहुल देशवाल, हेड कांस्टेबल राहुल अहलावत, हेड कांस्टेबल रोहित कुमार और कांस्टेबल सत्यप्रकाश शामिल रहे।
















