मुजफ्फरनगर। शक्ति क्लब रजिस्टर्ड द्वारा आयोजित श्रीरामलीला महोत्सव-2026 में श्रीराम, लक्ष्मण, भरत और शत्रुघ्न के जन्म की सुंदर लीला का मंचन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ क्लब के मुख्य संरक्षक मुकेश गोयल ने फीता काटकर किया। लीला के मुख्य अतिथि पंकज जिंदल गुरुजी, श्री बालाजी दरबार रहे। उनके सहयोगी इंजीनियर पंकज बरूकी वाले ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया।
लीला में दिखाया गया कि श्रृंग ऋषि द्वारा यज्ञ संपन्न कर उसका प्रसाद राजा दशरथ की रानियों को दिया गया। इसके फलस्वरूप राजा दशरथ के यहां चार पुत्रों का जन्म हुआ। श्रीराम, लक्ष्मण, भरत और शत्रुघ्न के जन्म का दृश्य देखकर दर्शक भावविभोर हो गए। इसके बाद गुरु विश्वामित्र राजा दशरथ से अपने यज्ञों की रक्षा के लिए श्रीराम और लक्ष्मण को अपने साथ वन में ले जाने की अनुमति मांगते हैं। इस प्रसंग का भी प्रभावशाली मंचन किया गया।
लीला में दशरथ की भूमिका अज्जू शर्मा, श्रीराम की सौरभ, लक्ष्मण की वैभव, भरत की शिवम अरोरा, शत्रुघ्न की शिवा पाल, श्रृंग ऋषि की रिंकू कटारिया, कौशल्या की हर्षित गोयल, सुमित्रा की कृष्णा तथा कैकेयी की भूमिका भोला मदारी रिंकू ने निभाई। गुरु विश्वामित्र के रूप में निर्देशक नवनीत वर्मा ने शानदार अभिनय कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
रामलीला के आयोजन की व्यवस्था बनाए रखने में अध्यक्ष पवन पाल, सचिव संजीव दीक्षित, कोषाध्यक्ष सरदार राजिंदर सिंह एडवोकेट, मीडिया प्रभारी नवनीत कौशिक, संयोजक नीरज शर्मा, सतेंद्र पंवार, अमरीश त्यागी, शिवकुमार भाई जी, रविकांत सभासद, अखिलेश पाल, नितिन अरोरा, विजेंद्र पाल, महिपाल धीमान सहित अन्य सदस्यों ने सहयोग किया। वहीं, रंगमंच की व्यवस्था में अक्षय पाल, जॉनी पाल, हर्षित सिंघल, सन्नी शर्मा, आकाश शर्मा और उपसचिव राजीव अरोरा ने महत्वपूर्ण योगदान दिया।















