मीरापुर में छात्र-छात्राओं को साइबर अपराध, महिला सुरक्षा और पॉक्सो अधिनियम के प्रति किया जागरूक.

मुजफ्फरनगर। साइबर अपराधों की रोकथाम, महिला सुरक्षा और बाल संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से सनातन धर्म इंटर कॉलेज, मीरापुर में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक अपराध इंदु सिद्धार्थ ने छात्र-छात्राओं को साइबर सुरक्षा, मिशन शक्ति अभियान और पॉक्सो अधिनियम के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी।इंदु सिद्धार्थ ने साइबर अपराध के विभिन्न तरीकों के बारे में बताते हुए कहा कि वर्तमान समय में साइबर अपराधी ऑनलाइन ठगी, फर्जी लिंक, फर्जी कॉल, ओटीपी और सोशल मीडिया के माध्यम से लोगों को अपना शिकार बना रहे हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को सलाह दी कि वे किसी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, बैंक खाते से संबंधित जानकारी और अपनी निजी जानकारी साझा न करें। किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचें। साइबर ठगी का शिकार होने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं अथवा वेबसाइट साइबरक्राइम डॉट जीओवी डॉट इन के माध्यम से सूचना दें।


मिशन शक्ति अभियान के तहत छात्राओं को महिला सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के प्रति जागरूक किया गया। उन्हें बताया गया कि छेड़छाड़, उत्पीड़न या किसी असुरक्षित परिस्थिति का सामना करने पर बिना किसी भय के पुलिस को सूचना दें और उपलब्ध सहायता सेवाओं का लाभ उठाएं।कार्यक्रम में पॉक्सो अधिनियम के बारे में जानकारी देते हुए बच्चों को उनके अधिकारों और सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। विद्यार्थियों को अच्छे और बुरे स्पर्श के बीच अंतर समझाया गया। साथ ही किसी भी अनुचित व्यवहार या शोषण की स्थिति में अपने अभिभावकों, शिक्षकों अथवा पुलिस को तत्काल जानकारी देने के लिए प्रेरित किया गया।छात्र-छात्राओं को सोशल मीडिया का सुरक्षित और जिम्मेदारी से उपयोग करने की सलाह भी दी गई। मुजफ्फरनगर पुलिस द्वारा बताया गया कि साइबर अपराधों की रोकथाम, महिला सुरक्षा और बाल संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए ऐसे कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित किया जा सके।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts