मुजफ्फरनगर। कलेक्ट्रेट स्थित जिला पंचायत सभागार में जिलाधिकारी उमेश मिश्रा की अध्यक्षता में विधानसभा निर्वाचक नामावलियों के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण-2026 के बाद विशेष अभियान चलाने के संबंध में बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुरूप अभियान की कार्ययोजना की जानकारी दी और प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।
जिलाधिकारी ने बताया कि बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) 10 अप्रैल 2026 को प्रकाशित अंतिम निर्वाचक नामावली की तुलना 7 जनवरी 2025 को प्रकाशित निर्वाचक नामावली और उसकी पूरक सूचियों से करेंगे। इस दौरान ऐसे मतदाताओं को चिन्हित किया जाएगा, जिनके नाम पुरानी सूची में थे, लेकिन वर्तमान मतदाता सूची में शामिल नहीं हैं। इसके बाद बीएलओ संबंधित मतदाताओं के घर जाकर उनकी वर्तमान स्थिति का भौतिक सत्यापन करेंगे। सत्यापन के दौरान पात्र व्यक्ति का नाम सूची में शामिल कराने के लिए फार्म-6 भरवाने में सहायता की जाएगी।बीएलओ को प्रत्येक सप्ताह कम से कम 20 से 25 मतदाताओं से संपर्क करने का लक्ष्य दिया गया है, ताकि यह कार्य लगभग एक माह में पूरा किया जा सके। तैयार की गई बूथवार तुलनात्मक सूची में छूटे मतदाताओं की वर्तमान स्थिति और फार्म-6 भरने वाले लोगों का विवरण दर्ज किया जाएगा। यह सूची मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंटों और निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों के साथ साझा की जाएगी।
अभियान के तहत पहली बार मतदाता बनने वाले युवाओं और अन्य छूटे पात्र नागरिकों के फार्म-6 भरवाने पर विशेष जोर रहेगा। इसके लिए बूथ स्तर पर शिविर लगाए जाएंगे। रात्रि आश्रयों, श्रमिक कॉलोनियों और आश्रयहीन व मुख्यधारा से दूर रहने वाले लोगों के नाम जोड़ने के लिए विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे। शिक्षण संस्थानों, जनसंपर्क, स्वीप गतिविधियों और प्रेस ब्रीफिंग के माध्यम से भी जागरूकता फैलाई जाएगी। अभियान की नियमित समीक्षा और निगरानी की जाएगी। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, अपर जिलाधिकारी प्रशासन, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व, नगर मजिस्ट्रेट, सभी उपजिलाधिकारी तथा संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
















