आगरा। आगरा इनर रिंग रोड के तीसरे चरण का निर्माण कार्य एक बार फिर निर्धारित समय पर पूरा नहीं हो सका है। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) की कार्यशैली के चलते परियोजना में चौथी बार देरी हुई है। अब निर्माण कार्य 30 नवंबर तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके बाद दिसंबर में इस मार्ग को ग्वालियर हाईवे से जोड़कर आम जनता के लिए खोलने की तैयारी है।इनर रिंग रोड के तीसरे चरण के चालू होने से नोएडा की ओर से आने वाले वाहन चालकों को ग्वालियर हाईवे तक पहुंचने के लिए बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी। इससे शहर के अंदरूनी मार्गों पर वाहनों का दबाव कम होने और जाम की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है।
शहर को जाम से मिलेगी राहत
आगरा में बाहरी जिलों और अन्य शहरों से आने वाले वाहनों के कारण कई प्रमुख मार्गों पर यातायात का दबाव बना रहता है। इनर रिंग रोड का तीसरा चरण शुरू होने से वाहन चालकों को वैकल्पिक मार्ग मिलेगा। इससे शहर के भीतर से गुजरने वाले वाहनों की संख्या कम करने में मदद मिल सकती है।फिलहाल, परियोजना के निर्माण कार्य में लगातार हो रही देरी के कारण लोगों को इसके शुरू होने का इंतजार है। अब सभी की निगाहें 30 नवंबर तक निर्माण पूरा होने और दिसंबर में मार्ग को यातायात के लिए खोलने की निर्धारित समयसीमा पर टिकी हैं।















