इंडिया गठबंधन की बैठक में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने बड़ी बात कही. उन्होंने कहा कि यह बैठक साढ़े 3 घंटे तक चली. इसमें 20 पार्टियों ने हिस्सा लिया. बैठक में कुछ नेता वर्चुअली भी जुड़े. बहुत से नेताओं ने अपने विचार रखे. उद्धव ठाकरे और हेमंत सोरेन ने ऑनलाइन माध्यम से अपनी बात रखी. खरगे ने कहा कि मुझे खुशी है कि सभी ने CEC के खिलाफ मिलकर और मजबूती के साथ लड़ाई लड़ने की बात की है. बहुत से सुझाव भी राहुल गांधी ने और ममता बनर्जी ने भी दिए हैं.खरगे ने कहा कि चुनाव आयोग कठपुतली की तरह काम कर रहा है. वह सरकार के इशारे पर काम कर रहा है. खरगे ने कहा कि सरकार ही वट चोरी करा रही है. हम सब मजबूती से लड़ने के लिए एकजूट हैं. दो-तीन लोगों को मोहरा बनाकर, वे लोग वोटों की चोरी करवा रहे हैं और चुनाव जीत रहे हैं. जहां भी हमारे नेता न्यायपूर्ण लड़ाई लोकतंत्र के लिए लड़ रहे हैं, युवाओं के लिए लड़ाई लड़ रहे हैं, उन्हें भी तंग करने का प्रयास किया जा रहा है. खरगे ने कहा कि विपक्ष की पांच बड़ी रैलियां होंगी. राष्ट्रपति के सामने अपनी बात रखेंगे.
2-8 अक्टूबर तक हर जिले में सेव डेमोक्रेसी मार्च- खरगे
कांग्रेस चीफ ने कहा कि 2-8 अक्टूबर तक हर जिले में सेव डेमोक्रेसी मार्च होगा. जिला मजिस्ट्रेट के सामने जाकर प्रदर्शन किया जाएगा और जनता को अवगत करवाया जाएगा कि हम ऐसा क्यों कर रहे हैं. 6 अक्टूबर को सभी विपक्षी सांसद ‘मार्च टू इलेक्शन कमीशन’ करेंगे. हम आज ही ये मार्च करने वाले थे लेकिन हमने सभी सांसदों को आमंत्रित करके मार्च निकालने के लिए 6 तारीख रखी है.
राष्ट्रपति से मिलकर अपनी बात रखेंगे- खरगे
खरगे ने आगे कहा कि अक्टूबर के दूसरे सप्ताह में मिलने का समय मांगेंगे. हमारी जो समस्याएं हैं और संवैधानिक अड़चनें जो सरकार पैदा कर रही है, जिसके तहत लोगों को तंग और तबाह करके अपनी राय बनाकर झूठी सरकार चलाने का प्रयास किया जा रहा है. उसे लेकर हम राष्ट्रपति को स्थिति समझाना चाहते हैं. इसके बाद हमारी बड़ी रैली होगी. उसकी तारीख और स्थान तय करके बताए जाएंगे. ये रैली अक्टूबर-नवंबर में होगी. नवंबर 1 से दिल्ली में एक बड़ी रैली होगी. अब सभी का ध्यान हमारी ओर आकर्षित है.
ज्ञानेश कुमार को तुरंत इस्तीफा देना चाहिए- ममता
पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री और टीएमसी प्रमुख ममता बनर्जी ने कहा, “हमारा INDIA गठबंधन एकजुट है. आज जो बड़ा घोटाला है, यह घिनौना मामला है… जो वोट चोरी की बात राहुल गांधी और तेजस्वी यादव ने बिहार में उठाई थी, जिस वोट चोरी को करके भाजपा 2026 में जीती, मध्य प्रदेश, हरियाणा, बिहार में जीती, बंगाल में पूरी लूट की. ममता ने कहा कि हम अपनी शिकायत को लेकर यहां आए थे, हम चुनाव आयोग के पास भी गए, सुप्रीम कोर्ट में भी गए, सारे दरवाजे खटखटाए लेकिन कुछ नहीं हुआ.ममता ने कहा कि ज्ञानेश कुमार को तुरंत इस्तीफा देना चाहिए. हमें लोकतंत्र बचाना होगा. मतदान का अधिकार हमारा संवैधानिक अधिकार है. अगर लोग वोट नहीं देंगे, अगर चुनाव में धांधली होगी तो देश कहां जाएगा?. ज्ञानेश कुमार अगर इस्तीफा नहीं देंगे तो ये आंदोलन बहुत आगे जाएगा. हम लोगों को एक साथ लड़ना होगा. उन्होंने वोटों की लूट की, चोरी की. EVM की मशीनें क्यों जलाई गईं?.
भारतीय लोकतंत्र इस देश के हर व्यक्ति से बड़ा है- राहुल
इंडिया गठबंधन की बैठक के बाद, कांग्रेस सांसद और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने कहा कि काफी अच्छी चर्चा हुई. वोट चोरी हुई है, सभी नेता यह सुनिश्चित करेंगे कि जिन लोगों ने भारतीय लोकतंत्र को बर्बाद किया है, उन्हें सजा मिले. इससे कोई फर्क नहीं पड़ता कि वे कितने सीनियर हैं या कौन हैं. भारतीय लोकतंत्र इस देश के हर व्यक्ति से बड़ा है. बैठक में यह भावना भी थी कि विपक्ष भारत के लोगों तक यह बात पहुंचाने में काफी सफल रहा है कि चुनाव में धांधली हुई है, नरेंद्र मोदी और अमित शाह ने लोकतंत्र को बर्बाद कर दिया है, और लोगों में, खासकर युवाओं में, विरोध की एक नई भावना पैदा हुई है कि भारत में जो हो रहा है वह ग़लत है और उसे रोका जाना चाहिए.















