पोक्सो अधिनियम को लेकर छात्रों को किया जागरूक, प्रभात फेरी निकाली.

मुजफ्फरनगर। गांधी जयंती के अवसर पर उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशानुसार पोक्सो अधिनियम-2012 के संबंध में विशेष जागरूकता एवं संवेदीकरण अभियान चलाया गया। इसी क्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, मुजफ्फरनगर की ओर से प्रभात फेरी का आयोजन किया गया। इसमें छोटू राम इंटर कॉलेज, राजकीय इंटर कॉलेज, डीएवी इंटर कॉलेज, एसडी इंटर कॉलेज, इस्लामिया इंटर कॉलेज तथा जैन इंटर कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया।

प्रभात फेरी का शुभारंभ प्रभारी जनपद न्यायाधीश के निर्देशन में सिविल जज (सीनियर डिवीजन) एवं सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण डॉ. सत्येंद्र कुमार चौधरी ने राजकीय इंटर कॉलेज के मैदान से किया। प्रभात फेरी महावीर चौक, प्रकाश चौक और कचहरी गेट होते हुए वापस राजकीय इंटर कॉलेज मैदान पहुंची। इस दौरान छात्र-छात्राओं को पोक्सो अधिनियम के प्रावधानों और बच्चों की सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं के बारे में जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में संबंधित विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाओं के अलावा चीफ लीगल एड डिफेंस काउंसिल राजीव त्यागी, डिप्टी लीगल एड डिफेंस काउंसिल मनोज कुमार व अर्चना, सहायक लीगल एड डिफेंस काउंसिल वरुण कुमार व नाहिद परवीन सहित जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के कर्मचारी मौजूद रहे। सभी ने बच्चों को जागरूक करते हुए किसी भी समस्या की स्थिति में तत्काल भरोसेमंद व्यक्ति से जानकारी साझा करने के लिए प्रेरित किया।

इसके बाद महर्षि दयानंद इंटर कॉलेज, मंसूरपुर में भी प्रभात फेरी, नुक्कड़ नाटक तथा ड्राइंग-पेंटिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। सचिव डॉ. सत्येंद्र कुमार चौधरी ने कहा कि अभियान का उद्देश्य बच्चों को पोक्सो अधिनियम के प्रति जागरूक करना है, उन्हें भयभीत करना नहीं। उन्होंने बच्चों से कहा कि किसी भी जानी-अनजानी समस्या में फंसने पर अपनी बात शिक्षक या अभिभावक से साझा करें, ताकि समस्या का प्रभावी समाधान किया जा सके। उन्होंने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts