बांदा। योगी सरकार के 2017 से 2026 तक के कार्यकाल में जनपद बांदा में कानून व्यवस्था को लेकर जो काम हुआ है, उसके आंकड़े खुद गवाही दे रहे हैं। जनता को माफियाओं और गुंडों से राहत दिलाने के लिए बांदा पुलिस ने जीरो टॉलरेंस की नीति पर बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस विभाग द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक पिछले 9 वर्षों में जिले में अपराधियों के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई हुई है। गुंडा एक्ट में जिले में सक्रिय गुंडों और असामाजिक तत्वों को चिन्हित कर 1365 के खिलाफ गुंडा अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई। जिला बदर में जनता को डराने-धमकाने और रंगदारी मांगने वाले 753 शातिर अपराधियों को जिले से बाहर का रास्ता दिखाया गया, उन्हें जिला बदर किया गया।माफियाओं और संगठित अपराध करने वाले गिरोहों के खिलाफ 139 गैंगस्टर के मुकदमे दर्ज कर 562 गैंगस्टर अभियुक्तों को जेल भेजा गया। सबसे बड़ी कार्रवाई अवैध संपत्ति पर हुई है।
गैंगस्टर एक्ट की धारा 14(1) के तहत अपराध से अर्जित की गई 61 करोड़ 08 लाख 38 हजार 657 रुपये की अवैध संपत्ति को पुलिस ने कुर्क/जब्त कर लिया। कुल मिलाकर योगी सरकार में बांदा पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल की कार्यकुशलता और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्यवाही से जनपद में भयमुक्त वातावरण बना है। रंगदारी, भू-माफिया और गुंडागर्दी पर पूरी तरह से अंकुश लगा है। जनता खुद को पहले से ज्यादा सुरक्षित महसूस कर रही है।















