बांदा। 2 अक्टूबर का दिन सिर्फ दो जयंती नहीं, दो विचारधाराओं का संगम है। बांदा पुलिस लाइन में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और भारत के लाल, पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री को याद किया गया।पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल ने दोनों महापुरुषों के चित्रों पर माल्यार्पण कर पुष्प अर्पित किए और कहा – एक ने दुनिया को सत्य और अहिंसा का रास्ता दिखाया, दूसरे ने जय जवान-जय किसान कहकर देश को आत्मनिर्भरता का मंत्र दिया। एक ने लाठी खाकर भी हिंसा नहीं की, दूसरे ने प्रधानमंत्री होते हुए भी फटे कुर्ते में देश चलाया। एसपी ने मौजूद जवानों से कहा कि वर्दी का मतलब सिर्फ डंडा नहीं, जिम्मेदारी है।
गांधी जी की ईमानदारी और शास्त्री जी की सादगी को अगर हर पुलिसकर्मी अपनी ड्यूटी में उतार ले, तो जनता का भरोसा खुद-ब-खुद लौट आएगा। यही उन दोनों को सच्ची श्रद्धांजलि होगी। इस मौके पर पुलिस कार्यालय में अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज ने भी अधिकारियों के साथ माल्यार्पण किया। वहीं जिले के हर थाने-चौकी में दोनों महापुरुषों को नमन कर उनके बताए रास्ते पर चलने का संकल्प लिया गया।















