रूस पर हमला हुआ तो सभी हथियार इस्तेमाल करेंगे.

रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने कहा है कि रूस किसी यूरोपीय देश पर हमला करने की योजना नहीं बना रहा है. लेकिन अगर रूस के कालिनिनग्राद या किसी दूसरे इलाके पर सीधा हमला होता है, तो रूस अपनी सुरक्षा के लिए अपने पास मौजूद सभी हथियारों का इस्तेमाल करेगा. पुतिन ने यह बात गुरुवार को मॉस्को में हुए वाल्दाई फोरम में कही.पुतिन ने कहा कि रूस यूरोप के साथ शांतिपूर्ण तरीके से रहना चाहता है. लेकिन अगर उस पर हमला हुआ तो सभी उपलब्ध हथियारों के इस्तेमाल का सवाल तुरंत सामने आएगा. उन्होंने यह भी कहा कि यह स्थिति रूस के लिए गंभीर होगी.

कालिनिनग्राद को लेकर क्यों बढ़ा तनाव?

कालिनिनग्राद रूस का सबसे पश्चिमी इलाका है. यह नाटो सदस्य देशों पोलैंड और लिथुआनिया के बीच स्थित है और यहां रूस की बड़ी सैन्य मौजूदगी है. रूस ने नाटो को चेतावनी दी है कि अगर कालिनिनग्राद को रूस के बाकी हिस्से से काटने की कोशिश हुई तो वह इसकी रक्षा के लिए परमाणु हथियारों का इस्तेमाल कर सकता है.रूस और नाटो के बीच इस मुद्दे पर तनाव बढ़ा हुआ है. नाटो महासचिव मार्क रुटे ने कहा कि नाटो की सैन्य व्यवस्था रक्षात्मक है और परमाणु हथियारों की धमकी देना मददगार नहीं है. रूस और पश्चिम के बीच 2022 में यूक्रेन युद्ध शुरू होने के बाद से संबंध काफी तनावपूर्ण हैं. यूरोपीय देशों ने रूस पर तोड़फोड़ और आगजनी जैसी गतिविधियों के जरिए कथित हाइब्रिड वॉर बढ़ाने का आरोप भी लगाया है. रूस इन आरोपों से इनकार करता है.

जिनपिंग-ट्रंप के साथ बैठक को तैयार पुतिन

पुतिन ने कहा कि लगातार बढ़ता तनाव एक ऐसी स्थिति तक पहुंच सकता है, जहां वापस लौटना मुश्किल हो जाए. उन्होंने दुनिया के देशों से ऐसे हालात पैदा नहीं करने की अपील की, जिनमें बड़े विनाश वाले हथियारों का इस्तेमाल हो सकता है. पुतिन ने यह भी कहा कि वह चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ तीन देशों की बैठक के लिए तैयार हैं, लेकिन इसके लिए पहले बैठक का एजेंडा तय होना चाहिए.यूक्रेन युद्ध पर पुतिन ने कहा कि रूस काला सागर क्षेत्र में यूक्रेन के ठिकानों पर हमले रोकने वाला नहीं है. उन्होंने माना कि यूक्रेन के हमलों से रूस की तेल रिफाइनरियों को नुकसान हुआ है और इससे रूस की जीडीपी को करीब 1% का नुकसान हुआ. हालांकि, उन्होंने कहा कि रूस फिलहाल यूक्रेन को हथियार देने वाली यूरोपीय हथियार फैक्ट्रियों पर हमला करने की योजना नहीं बना रहा है.

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts