flydubai की फ्लाइट में 170 से अधिक यात्रियों (इजरायली) की जान बचाने वाले पायलट स्मित मच्छार को गुजरात सरकार ने विशिष्ट गुजरात गरिमा पुरस्कार’ से सम्मानित करने का ऐलान किया है।स्मित मच्छार ने दुबई से तेल अवीव जा रहे विमान को क्रैश करने की साजिश रचने वाले अपने को-पायलट का मुकाबला किया था। हमले में घायल मच्छार ने प्लेन की सऊदी अरब में इमरजेंसी लैंडिंग कराई।
सीएम बोले-पूरी दुनिया को गर्व
गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने सोशल मीडिया X पर कहा कि इजरायल जा रही फ्लाइट के पायलट कैप्टन स्मित मच्छार की बहादुरी को आज पूरी दुनिया सलाम कर रही है। हमले में बुरी तरह घायल और खून से लथपथ होने के बावजूद उन्होंने 174 यात्रियों की जान बचाने के लिए अद्भुत साहस दिखाया। यह बेहद प्रेरणादायक और तारीफ के काबिल है। गुजरात के इस बहादुर बेटे ने अपनी वीरता से दुनिया भर में गुजरात और देश का नाम रोशन किया है। उनकी रगों में दौड़ रही गुजराती भावना हम सभी को गर्व से भर देती है। उनकी असाधारण बहादुरी और इंसानियत के काम का सम्मान करते हुए गुजरात सरकार कैप्टन स्मित मच्छार को ‘विशिष्ट गुजरात गरिमा पुरस्कार’ देगी।
स्मित मच्छार के साथ प्रार्थनाएं
स्मित के जल्द ठीक होने की कामना करते हुए सीएम भूपेंद्र पटेल ने कहा कि देश के नागरिकों की सहानुभूति और प्रार्थनाएं कैप्टन स्मित मच्छार के साथ हैं। बता दें कि दुबई-तेल अवीव उड़ान के दौरान ओमान के को-पायलट ने स्मित मच्छार पर हमला किया था। उनकी पूरी दुनिया में तारीफ हो रही है। भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, इज़राइल के पीएम बेंजामिन नेतन्याहू और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने उनकी तारीफ की है।
मुंबई के घाटकोपर में रहता है परिवार
मुंबई के घाटकोपर के रहने वाले कैप्टन स्मित मच्छर एक कमर्शियल पायलट हैं। उन्होंने कमर्शियल पायलट लाइसेंस के लिए न्यूज़ीलैंड में ट्रेनिंग ली और बाद में मानेसर, गुड़गांव में FSTC से बोइंग 737 टाइप रेटिंग पूरी की। 2022 में फ्लाईदुबई से जुड़ने से पहले उन्होंने लगभग एक दशक तक स्पाइसजेट के साथ काम किया। उनके भाई भी flydubai में पायलट हैं।















