केन नदी किनारे मिला अज्ञात महिला का सड़ा-गला शव, आधा शरीर कंकाल में बदला

बांदा। केन नदी एक बार फिर एक अनसुलझी मौत की गवाह बनी है। थाना पैलानी के नरी गांव के पास शनिवार शाम नदी किनारे एक अज्ञात महिला का सड़ा-गला शव मिलने से हड़कंप मच गया। शव की हालत इतनी भयावह थी कि आधा शरीर सड़कर कंकाल में बदल चुका था।ग्रामीणों ने बताया कि शव महिला का है। उसने लाल रंग का सूट पहना था, हाथों में सुहाग की चूड़ियां और गले में माला पड़ी थी। ऐसा लग रहा है जैसे महिला की मौत कई दिन पहले हुई हो और शव पानी में बहकर किनारे पर आ लगा हो। तेज बदबू के कारण कोई पास नहीं जा पा रहा था।ग्रामीणों की सूचना पर पैलानी थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी राममोहन राय ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को कब्जे में लिया। थाना प्रभारी राममोहन राय ने बताया, शव पूरी तरह से सड़ चुका है, शिनाख्त नहीं हो पा रही है।

पंचनामा भरकर शव को मर्चरी हाउस में रखवा दिया गया है। आसपास के थानों में गुमशुदगी की रिपोर्ट खंगाली जा रही है। सवाल कई हैं – ये महिला कौन थी? क्या ये हादसा है, आत्महत्या या फिर किसी बड़ी वारदात के बाद शव को नदी में फेंका गया? पुलिस शिनाख्त के बाद ही हत्या या हादसे के एंगल पर जांच की बात कह रही है।फिलहाल केन किनारे मिले इस अज्ञात शव ने पूरे पैलानी क्षेत्र में दहशत और कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts