बांदा। पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल के निर्देश पर शनिवार को जिले के सभी थानों में थाना समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इसी क्रम में थाना तिंदवारी में आयोजित समाधान दिवस की अध्यक्षता सीओ सदर प्रतिज्ञा सिंह ने की। समाधान दिवस के दौरान फरियादियों ने भूमि विवाद, आपसी रंजिश और राजस्व से जुड़ी समस्याओं को लेकर प्रार्थना पत्र दिए। सीओ सदर प्रतिज्ञा सिंह ने एक-एक फरियादी की समस्या को गंभीरता से सुना और प्रार्थना पत्रों का बारीकी से अवलोकन किया।
कई मामलों में दोनों पक्षों को थाने पर बुलाकर मौके पर ही समझौता कराकर निस्तारण कराया गया। सीओ सदर प्रतिज्ञा सिंह ने पुलिस और राजस्व की संयुक्त टीम को निर्देशित करते हुए कहा कि एसपी बांदा पलाश बंसल ने स्पष्ट कहा है कि जनशिकायतों के निस्तारण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।उन्होंने कहा पुलिस और राजस्व की टीम संयुक्त रूप से मौके पर जाए, निष्पक्ष जांच करे और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करे, ताकि फरियादी को बार-बार थाने का चक्कर न लगाना पड़े। शिकायतों में हीलाहवाली करने वाले कर्मचारियों पर कार्रवाई होगी। इस दौरान तिंदवारी थानाध्यक्ष सहित राजस्व विभाग के लेखपाल, कानूनगो और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।















