बांदा। समाजवादी पार्टी के संस्थापक और पूर्व रक्षा मंत्री मुलायम सिंह यादव की पुण्यतिथि पर जिला समाजवादी पार्टी कार्यालय में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। सपाइयों ने नेताजी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर नमन किया और समाजवादी विचारों पर चलने का संकल्प लिया। सभा को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष एडवोकेट उमेश यादव ने कहा श्रद्धेय नेताजी केवल एक राजनेता नहीं थे, बल्कि करोड़ों गरीबों, किसानों, नौजवानों और वंचितों की उम्मीद थे। उन्होंने अपना पूरा जीवन सामाजिक न्याय, समानता और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए समर्पित कर दिया। उनका जीवन संघर्ष, सादगी और जनसेवा की मिसाल है।
हम संकल्प लेते हैं कि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति के हक के लिए लड़ते रहेंगे। नेताजी ने हमेशा किसानों, पिछड़ों और गरीबों की आवाज बुलंद की। उनके बताए रास्ते पर चलना ही सच्ची श्रद्धांजलि होगी। इस दौरान राष्ट्रीय सचिव हसन सिद्दीकी, शमीम बांदवी, अशोक गौर, विजय करण यादव, वीरेंद्र गुप्ता, जिला मीडिया प्रभारी प्रमोद गुप्ता राजा, विवेक बिंदु तिवारी, प्रियांशू गुप्ता, सुमन दिवाकर, वृंदावन वैश्य, सत्यनारायण सोनकर, आमिर खान मन्नी, राजा भइया वर्मा, कैप्टन रामराज यादव सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम का कुशल संचालन नि. सचिव कुदरत उल्ला खान ने किया।















