आंगनवाड़ी केंद्रों को कायाकल्प के 18 बिंदुओं से संतृप्त करने के निर्देश

मुजफ्फरनगर। विकास भवन सभागार में मुख्य विकास अधिकारी कण्डारकर कमलकिशोर देशभूषण की अध्यक्षता में जिला पोषण समिति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में संचालित पोषण एवं बाल विकास विभाग से संबंधित योजनाओं और कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

मुख्य विकास अधिकारी ने जिला कार्यक्रम अधिकारी सुशील कुमार सहित सभी बाल विकास परियोजना अधिकारियों एवं प्रभारियों को निर्देश दिए कि जनपद के सभी आंगनवाड़ी केंद्रों को खंड विकास अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर कायाकल्प के 18 बिंदुओं से संतृप्त कराया जाए। उन्होंने कहा कि आंगनवाड़ी केंद्रों की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। कायाकल्प की प्रगति की समीक्षा के लिए प्रत्येक 15 दिन में बाल विकास परियोजना अधिकारियों और खंड विकास अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित करने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक में आंगनवाड़ी केंद्रों पर नैफेड द्वारा पोषाहार की समय से आपूर्ति नहीं किए जाने का मुद्दा भी सामने आया। इस पर मुख्य विकास अधिकारी ने नैफेड प्रभारी और निदेशक, बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार, उत्तर प्रदेश, लखनऊ को पत्र भेजने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी बाल विकास परियोजना अधिकारियों एवं मुख्य सेविकाओं को प्रत्येक माह आंगनवाड़ी केंद्रों का निरीक्षण कर उसकी रिपोर्ट जिला कार्यक्रम अधिकारी कार्यालय में उपलब्ध कराने को कहा।

प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के तहत आवेदन के लिए आवश्यक एमसीपी कार्ड उपलब्ध न होने पर मुख्य विकास अधिकारी ने मुख्य चिकित्साधिकारी को तत्काल एमसीपी कार्ड प्रिंट कराकर एएनएम को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

बैठक में उपायुक्त एनआरएलएम, मुख्य चिकित्साधिकारी के प्रतिनिधि, जिला कार्यक्रम अधिकारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, खंड विकास अधिकारी, सभी बाल विकास परियोजना अधिकारी एवं मुख्य सेविकाएं मौजूद रहीं।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts