भारत और श्रीलंका के बीच एशियन गेम्स 2026 का सेमीफाइनल मैच खेला गया. निशिन स्थित कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क में खेले गए मुकाबले में टीम इंडिया ने पूरी तरह से डॉमिनेट किया. उन्होंने पहले बल्ले से तबाही मचाई और फिर गेंदबाजी से श्रीलंका का हाल बेहाल कर दिया. भारत ने 124 रनों से इस सेमीफाइनल मुकाबले में जीत दर्ज की और फाइनल का टिकट कटाया. अब भारतीय टीम गोल्ड मेडल के लिए पाकिस्तान के खिलाफ खेलेगी.
भारत ने श्रीलंका को एकतरफा मैच में हराया
श्रीलंका ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया. भारत की शुरुआत कुछ खास नहीं रही और उन्होंने दूसरे ओवर में ही अभिषेक शर्मा का विकेट गंवा दिया. संजू सैमसन और श्रेयस अय्यर भी जल्दी आउट हो गए. वैभव सूर्यवंशी बेहतरीन लय में नजर आ रहे थे लेकिन वह भी 21 गेंदों में 38 रन की पारी खेलकर आउट हो गए. ईशान किशन ने अपनी ताबड़तोड़ बल्लेबाजी से फैंस का दिल जीता.किशन एक ओर से टिके रहे और उन्होंने बड़े शॉट्स खेलने पर फोकस किया. किशन को अन्य बल्लेबाजों का सही तरह से सपोर्ट नहीं मिला. हालांकि, उन्होंने 46 गेंदों में 80 रन की नाबाद पारी खेली. उन्होंने 4 चौके और 5 छक्के जड़े. 20 ओवर के समापन पर टीम इंडिया 7 विकेट के नुकसान पर 169 रन बनाने में सफल रही.श्रीलंका को जीत के लिए 170 रनों की जरूरत थी. जसप्रीत बुमराह ने पहले ही ओवर में कमाल कर दिया और दो विकेट झटके. पावरप्ले के समापन से पहले श्रीलंका की आधी से ज्यादा टीम पवेलियन लौट चुकी थी. बड़ी बात यह है कि नुवानीदु फर्नांडो को छोड़कर कोई भी बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा पार नहीं कर पाया. श्रीलंकाई टीम 9.5 ओवर में 45 रन बनाकर ऑलआउट हो गई. भारत ने 124 रनों के बड़े अंतर से जीत दर्ज की. जसप्रीत बुमराह, अक्षर पटेल और अभिषेक शर्मा ने 2-2 विकेट झटके, वहीं वॉशिंगटन सुंदर ने एक विकेट अपने नाम किया.
पाकिस्तान से होगा फाइनल
पाकिस्तान ने सेमीफाइनल में बांग्लादेश को हराकर गोल्ड मेडल मैच में जगह बनाई थी. अब टीम इंडिया ने श्रीलंका को चित कर दिया है और फाइनल का टिकट कटा लिया है. भारत और पाकिस्तान के बीच 2026 के एशियन गेम्स में गोल्ड मेडल के लिए महामुकाबला खेला जाएगा. 3 अक्टूबर को दोनों ही टीमें निशिन स्थित कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क में आमने-सामने होंगी. भारतीय महिला टीम गोल्ड जीत चुकी है और अब पुरुष टीम के पास भी गोल्ड पर कब्जा जमाने का मौका है.















