मंसूरपुर में मकान की दीवार और छत गिरने से महिला की मौत, पति गंभीर घायल.

मुजफ्फरनगर। लगातार हो रही बारिश ने जनपद के मंसूरपुर क्षेत्र में एक परिवार की खुशियां छीन लीं। शुक्रवार सुबह थाना मंसूरपुर क्षेत्र के ग्राम खानूपुर स्थित सुभाष कॉलोनी में बारिश के कारण एक मकान की दीवार और सिल्ली-गाटर की छत अचानक भरभराकर गिर गई। हादसा इतना भयावह था कि मलबे में दबकर 60 वर्षीय सरोज देवी पत्नी कृष्णपाल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके पति कृष्णपाल गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और बिना समय गंवाए मलबा हटाने का काम शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद दोनों को मलबे से बाहर निकाला गया। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस और प्रशासन को घटना की सूचना दी।

सूचना मिलते ही थाना मंसूरपुर प्रभारी विपिन त्यागी पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य का जायजा लिया। घायल कृष्णपाल को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है। घटना की जानकारी मिलने पर एसडीएम खतौली ललित मिश्रा भी प्रशासनिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण कर हादसे के कारणों की जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। प्रारंभिक जांच में माना जा रहा है कि लगातार हो रही बारिश के कारण मकान की दीवार कमजोर हो गई थी, जिससे अचानक दीवार और छत भरभराकर गिर गई।बताया गया कि मृतका सरोज देवी के परिवार की आर्थिक स्थिति भी सामान्य है। परिवार में उनका एक मानसिक रूप से दिव्यांग बेटा है, जिसकी देखभाल की पूरी जिम्मेदारी उन्हीं पर थी, जबकि उनकी दो बेटियां विवाहित हैं। सरोज देवी की अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। गांव में मातम का माहौल है और बड़ी संख्या में ग्रामीण शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाने पहुंच रहे हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग भी की है।

लगातार हो रही बारिश के चलते जिले के कई इलाकों में कच्चे और जर्जर मकानों के गिरने का खतरा बढ़ गया है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अत्यधिक जर्जर भवनों में रहने से बचें और किसी भी प्रकार की आपात स्थिति की सूचना तुरंत संबंधित अधिकारियों को दें, ताकि समय रहते राहत एवं बचाव कार्य किया जा सके। फिलहाल पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है और प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटा हुआ है।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts