लगातार बारिश के बीच मैदान में उतरीं पालिका अध्यक्ष, जलभराव वाले इलाकों का निरीक्षण कर तेज कराई जल निकासी.

मुजफ्फरनगर। पिछले तीन दिनों से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के कारण शहर के कई इलाकों में जलभराव की गंभीर स्थिति बनने पर नगरपालिका परिषद ने राहत और जल निकासी कार्यों में तेजी ला दी। पालिका अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप ने शुक्रवार को लगातार दूसरे दिन स्वयं अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर हालात का जायजा लिया। उन्होंने अधिशासी अधिकारी पवन कुमार, नगर स्वास्थ्य अधिकारी, जलकल विभाग के अधिकारियों और सफाई कर्मियों के साथ विभिन्न स्थानों का निरीक्षण किया तथा मौके पर ही नालों की सफाई, जल निकासी और अवरोध हटाने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जानसठ रोड, मीका विहार, गांधी कॉलोनी मेन रोड, गांधी वाटिका, केवलपुरी, बसंत विहार, साकेत, लद्दावाला, रामपुरी, केशवपुरी, भोपा रोड स्थित मॉल के सामने तथा कांवड़ मार्ग पर बझेड़ी अंडरपास सहित कई क्षेत्रों का दौरा किया गया। बसंत विहार और साकेत में तालाब ओवरफ्लो होने से मकानों में पानी भरने की शिकायत मिलने पर पालिका अध्यक्ष पैदल ही प्रभावित गलियों में पहुंचीं और जेसीबी मशीन की मदद से नालों में जमा अवरोध हटवाकर जल निकासी शुरू कराई। गांधी कॉलोनी और भोपा रोड पर अवरुद्ध नालों की सफाई भी तत्काल कराई गई। केशवपुरी में निर्माणाधीन आरसीसी नाली की गुणवत्ता को लेकर स्थानीय लोगों की शिकायत पर जांच कराई गई, जिसमें पता चला कि निर्माण कार्य किसी अन्य विभाग द्वारा कराया जा रहा है। इस पर संबंधित विभाग के जूनियर इंजीनियर को गुणवत्ता सुनिश्चित करने और जन शिकायतों का शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए गए, जबकि अधिशासी अधिकारी को विभाग से पत्राचार कर तकनीकी खामियां दूर कराने को कहा गया।

बझेड़ी अंडरपास में भारी जलभराव को देखते हुए सुपर सोकर मशीन लगाकर पानी निकालने का कार्य कराया गया तथा जलकल विभाग के अधिकारियों को कार्य पूरा होने तक मौके पर मौजूद रहने के निर्देश दिए गए। वहीं लद्दावाला और रामपुरी में लंबे समय से बनी जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए सड़क और नाला निर्माण की कार्ययोजना तैयार करने को कहा गया। मीनाक्षी स्वरूप ने कहा कि पिछले वर्ष जिन क्षेत्रों में सुधार कार्य कराए गए थे, वहां इस बार सकारात्मक परिणाम देखने को मिले हैं, हालांकि कुछ निचले इलाकों में अब भी समस्या बनी हुई है। उन्होंने नागरिकों से नालियों में कूड़ा न डालने की अपील करते हुए शहर के सभी जलभराव वाले क्षेत्रों के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर स्थायी समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान सभासदों, जलकल विभाग, स्वास्थ्य विभाग और सफाई व्यवस्था से जुड़े अधिकारियों व कर्मचारियों की टीम भी मौजूद रही।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts