मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश शासन के वृहद वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 के तहत रविवार को सामाजिक वानिकी प्रभाग की ओर से बेगराजपुर औद्योगिक क्षेत्र में 6,000 पौधों का रोपण कर भव्य वृक्षारोपण अभियान चलाया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, विभिन्न विभागों के कर्मचारियों, स्वयंसेवी संस्थाओं, विद्यालयों के शिक्षक-छात्रों और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के अंतर्गत पौधारोपण किया। मुख्य अतिथि के रूप में उत्तर प्रदेश सरकार में राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल ने बरगद का पौधा लगाकर अभियान का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि बढ़ती जनसंख्या, तीव्र औद्योगिकीकरण और लगातार घटते वन क्षेत्र के कारण प्रदूषण, सूखा, बाढ़ और भू-क्षरण जैसी गंभीर पर्यावरणीय समस्याएं सामने आ रही हैं। इन चुनौतियों से निपटने और आने वाली पीढ़ियों को सुरक्षित एवं स्वच्छ पर्यावरण देने के लिए अधिक से अधिक वृक्ष लगाना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने सभी नागरिकों से अपनी माता के नाम पर कम से कम एक पौधा लगाने और उसकी देखभाल का संकल्प लेने का आह्वान किया। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. वीरपाल निर्वाल, विधान परिषद सदस्य वंदना वर्मा, बुढाना विधायक राजपाल बालियान, राष्ट्रीय लोकदल के जिलाध्यक्ष संजय राठी तथा भाजपा जिलाध्यक्ष सुधीर सैनी सहित अनेक जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
यह आयोजन जिलाधिकारी उमेश मिश्रा के निर्देशन और सामाजिक वानिकी प्रभाग के प्रभागीय निदेशक अभिनव राज के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। इस दौरान सभी अतिथियों ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए पौधों की सुरक्षा और नियमित देखभाल पर विशेष जोर दिया। कार्यक्रम में जिला विद्यालय निरीक्षक हरिकेश यादव, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संदीप कुमार, जिला पंचायत राज अधिकारी रेणु श्रीवास्तव, क्षेत्रीय प्रदूषण नियंत्रण अधिकारी गीतेश चंद्रा, राजकीय पुस्तकालय प्रभारी डॉ. रणवीर सिंह, जिला समन्वयक माध्यमिक शिक्षा आशीष द्विवेदी, अलका, खंड विकास अधिकारी, खंड शिक्षा अधिकारी, वन विभाग के अधिकारी तथा अन्य विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन डॉ. राजीव कुमार ने किया। इसके अलावा रोहाना कलां में सहारनपुर मंडल के आयुक्त एवं कार्यक्रम नोडल अधिकारी डॉ. रूपेश कुमार ने भी ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण किया, जबकि ऊपरी गंगा नहर मार्ग के लगभग 49 हेक्टेयर क्षेत्र में भी बड़े स्तर पर वृक्षारोपण किया गया। अभियान में होली चाइल्ड पब्लिक इंटर कॉलेज जड़ौदा, एमडीएस विद्या मंदिर इंटर कॉलेज मंसूरपुर, सरशादी लाल इंटर कॉलेज, विश्वकर्मा इंटर कॉलेज, राजकीय इंटर कॉलेज, लिटल फ्लावर एकेडमी और एसबीएस मेमोरियल पब्लिक स्कूल सहित कई विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने सक्रिय सहभागिता निभाई। प्रभागीय निदेशक अभिनव राज ने कहा कि अभियान का उद्देश्य केवल पौधे लगाना नहीं, बल्कि उनका संरक्षण और संवर्धन सुनिश्चित करना भी है।















