मुजफ्फरनगर,बुढ़ाना। उत्तर प्रदेश सरकार के हरित क्रांति अभियान के तहत रविवार को बुढ़ाना क्षेत्र के फुगाना गांव में भव्य वृक्षारोपण महायज्ञ 2026 का आयोजन किया गया। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तीन पुरस्कार हासिल कर चुके फुगाना गांव ने एक बार फिर पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान कायम करते हुए प्रदेश के लिए प्रेरणादायक उदाहरण पेश किया। कार्यक्रम का शुभारंभ ग्राम प्रधान जितेंद्र मलिक ने वन विभाग के अधिकारियों के साथ पौधारोपण कर किया। इस दौरान गांव के बुजुर्गों, महिलाओं, युवाओं और बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। अभियान के तहत गांव में आम, नीम, पीपल, बरगद, अशोक समेत अनेक फलदार और औषधीय पौधे लगाए गए। ग्रामीणों ने कहा कि पेड़ केवल शुद्ध ऑक्सीजन का स्रोत नहीं हैं, बल्कि भूजल स्तर बढ़ाने, जलवायु संतुलित रखने, मिट्टी के संरक्षण और पशु-पक्षियों को सुरक्षित आश्रय प्रदान करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम में मौजूद सभी लोगों ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत कम से कम एक पौधा लगाने और उसकी नियमित देखभाल करने का संकल्प लिया। ग्राम प्रधान जितेंद्र मलिक ने कहा कि फुगाना को प्रदूषण मुक्त, हराभरा और आदर्श गांव बनाने के उद्देश्य से हर घर तक हरियाली पहुंचाने का अभियान लगातार चलाया जाएगा। वन विभाग के क्षेत्रीय अधिकारी सुशील कुमार, वन रक्षक अवनीश कुमार सहित विभागीय टीम ने पौधारोपण की सही तकनीक और पौधों के संरक्षण के उपायों की जानकारी दी। कार्यक्रम में एडीओ पंचायत संजीव कुमार, डॉ. जितेंद्र कुमार, मास्टर सिकंदर, मांगेराम, अमरजीत, राजीव, बिट्टू, महिपाल, योगेंद्र मलिक, नीतीश कुमार, नरेंद्र मलिक, मुरसलीन, मनोज तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। कार्यक्रम के समापन पर बच्चों को पौधे और प्रसाद वितरित किए गए तथा सभी ने पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने का संकल्प दोहराया।















