जनगणना-2027: मकान सूचीकरण में लापरवाही पर सख्त चेतावनी,

मुजफ्फरनगर। जनगणना-2027 के अंतर्गत संचालित मकान सूचीकरण (हाउस लिस्टिंग) कार्यों को समयबद्ध एवं प्रभावी ढंग से पूरा कराने के उद्देश्य से अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अनिरुद्ध प्रताप सिंह की अध्यक्षता में जूम एप के माध्यम से एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में चल रहे मकान सूचीकरण कार्यों की प्रगति का विस्तृत आकलन किया गया। समीक्षा के दौरान अपर जिलाधिकारी ने पाया कि कुछ क्षेत्रों में कार्य की गति अपेक्षित स्तर से काफी धीमी है, जिस पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों को कड़ी चेतावनी दी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनगणना देश का अत्यंत महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्यक्रम है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही, शिथिलता या उदासीनता स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि अगले तीन दिनों के भीतर मकान सूचीकरण कार्यों की प्रगति में उल्लेखनीय सुधार सुनिश्चित किया जाए और निर्धारित लक्ष्यों को समय से पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि सभी विभागीय अधिकारी आपसी समन्वय स्थापित कर कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाएं तथा किसी भी प्रकार की त्रुटि या कमी को तत्काल दूर करें। अपर जिलाधिकारी ने यह भी निर्देश दिए कि संबंधित अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित निरीक्षण करें और सूचीकरण कार्यों की वास्तविक स्थिति का लगातार मूल्यांकन करते रहें।

उन्होंने कहा कि जनगणना की सफलता के लिए जमीनी स्तर पर निगरानी अत्यंत आवश्यक है, इसलिए सभी अधिकारी क्षेत्र भ्रमण कर कार्यों की गुणवत्ता और गति दोनों पर विशेष ध्यान दें। बैठक में यह भी स्पष्ट किया गया कि निर्धारित समय-सीमा के भीतर जिन क्षेत्रों की प्रगति संतोषजनक नहीं पाई जाएगी, वहां के जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने जनगणना से जुड़े सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को गंभीरता एवं जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए हैं। वर्चुअल माध्यम से आयोजित इस समीक्षा बैठक में जनपद के सभी उप जिलाधिकारी, तहसीलदार, अधिशासी अधिकारी (चार्ज अधिकारी), जिला पंचायत राज अधिकारी, जिला अर्थ एवं सांख्यिकी अधिकारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी तथा सभी खंड शिक्षा अधिकारी शामिल रहे और उन्हें मकान सूचीकरण कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts