मुजफ्फरनगर। भारत स्काउट एवं गाइड उत्तर प्रदेश, जिला संस्था मुजफ्फरनगर द्वारा नवागत जिला विद्यालय निरीक्षक हरिकेश यादव का भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। इस अवसर पर जिला संस्था के पदाधिकारियों ने उनके कार्यालय पहुंचकर औपचारिक भेंट की तथा जनपद में संचालित स्काउटिंग एवं गाइडिंग गतिविधियों की जानकारी साझा की। कार्यक्रम का आयोजन जिला मुख्य आयुक्त कंचन प्रभा शुक्ला के निर्देशन में किया गया, जिसमें संस्था के सभी प्रमुख पदाधिकारी उपस्थित रहे।जिला विद्यालय निरीक्षक हरिकेश यादव का स्वागत करते हुए संस्था के पदाधिकारियों ने उन्हें जनपद में स्काउट एवं गाइड आंदोलन की उपलब्धियों, प्रशिक्षण कार्यक्रमों, सामाजिक गतिविधियों तथा विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास के लिए संचालित विभिन्न योजनाओं से अवगत कराया। साथ ही भविष्य में स्काउटिंग गतिविधियों को और अधिक प्रभावी एवं व्यापक बनाने के लिए उनके सहयोग एवं मार्गदर्शन की अपेक्षा भी व्यक्त की गई।
इस अवसर पर एएसओसी अमित कुमार सैनी, जिला स्काउट कमिश्नर विजय कुमार शर्मा, जिला गाइड कमिश्नर एवं वैदिक पुत्री पाठशाला इंटर कॉलेज नई मंडी की प्रधानाचार्या डॉ. राजेश कुमारी, डीओसी गाइड प्रभा दहिया, जिला डीओसी भारत भूषण अरोड़ा, सहायक कमिश्नर रेणु गर्ग, जिला एडल्ट काउंसलर संतोष वर्मा तथा जिला कोषाध्यक्ष सुनील शर्मा सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। सभी ने नवागत जिला विद्यालय निरीक्षक को शुभकामनाएं देते हुए शिक्षा एवं स्काउटिंग के क्षेत्र में उनके सफल कार्यकाल की कामना की।इससे पूर्व जिला संस्था के अधिकारियों ने प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री कपिल देव अग्रवाल के आवास पर पहुंचकर उनसे भी मुलाकात की। इस दौरान अधिकारियों ने जनपद में चल रही स्काउटिंग गतिविधियों की प्रगति से उन्हें अवगत कराया तथा आगामी कार्यक्रमों के सफल संचालन हेतु आवश्यक मार्गदर्शन प्राप्त किया। मंत्री ने संस्था के कार्यों की सराहना करते हुए युवाओं के चरित्र निर्माण और सामाजिक जागरूकता में स्काउट-गाइड की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित किया।
वहीं, प्रदेश मुख्यालय पर संयुक्त प्रादेशिक संगठन आयुक्त (विश्वविद्यालय) के पद पर नियुक्त किए गए मयंक शर्मा का भी जिला संस्था द्वारा अभिनंदन किया गया। बीती शाम वैदिक पुत्री कन्या इंटर कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम में उन्हें सम्मानित कर शुभकामनाएं दी गईं। संस्था के पदाधिकारियों ने विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में स्काउटिंग आंदोलन को नई दिशा और गति मिलेगी। कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।















