मुजफ्फरनगर। ज्येष्ठ दशहरा गंगा स्नान मेले को सकुशल और सुरक्षित वातावरण में सम्पन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक ग्रामीण मुजफ्फरनगर अक्षय संजय महाडीक ने थाना भोपा क्षेत्र के अंतर्गत स्थित शुक्रतीर्थ के स्नान घाटों एवं मेला स्थल का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्नान घाटों पर की गई बैरिकेडिंग, श्रद्धालुओं की सुरक्षा व्यवस्था, पार्किंग स्थल, यातायात संचालन, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था तथा गोताखोरों की तैनाती को गंभीरता से परखा। साथ ही घाटों पर लगे सीसीटीवी कैमरों, पुलिस ड्यूटी प्वाइंट्स और गंगा जल के स्तर की भी जानकारी ली गई। एसपी ग्रामीण ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्नान पर्व के दौरान आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा भीड़ प्रबंधन और यातायात व्यवस्था को पूरी तरह सुचारू बनाए रखा जाए।
उन्होंने कहा कि मेले में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने के साथ-साथ आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी आवश्यक संसाधन उपलब्ध रहें। पार्किंग स्थलों को व्यवस्थित रखने और घाटों पर निरंतर साफ-सफाई बनाए रखने के भी निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान क्षेत्राधिकारी भोपा देववृत वाजपेई, थाना प्रभारी भोपा आशुतोष कुमार सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।























































