राजगढ़ (अलवर) – अमृत भारत योजना के तहत राजगढ़ रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास कार्य का उद्घाटन 22 मई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वर्चुअली करेंगे। मंगलवार को जयपुर मंडल के डीआरएम संजीव दीक्षित रेलवे अधिकारियों के साथ राजगढ़ पहुंचे और पुनर्विकास कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान राजगढ़ नगरपालिका के अध्यक्ष सतीश दुहारिया ने रेलवे फाटक संख्या 140 पर आरओबी निर्माण और ट्रेनों के ठहराव को लेकर ज्ञापन सौंपा। डीआरएम ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि इस परियोजना पर लगभग 13 करोड़ 9 लाख रुपये खर्च किए गए हैं। इस कार्य में स्टेशन की बुकिंग ऑफिस, टिकट हॉल, प्रवेश द्वार, पोर्च सर्कुलेटिंग एरिया के साथ ही टू-व्हीलर और फोर-व्हीलर पार्किंग की सुविधा का पुनर्निर्माण शामिल है। यह परियोजना जयपुर डिवीजन के तहत है और यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाने पर केंद्रित है। उद्घाटन से पहले हुए निरीक्षण में रेलवे के कई अधिकारी मौजूद थे, जिन्होंने पुनर्विकास की गुणवत्ता और कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। इस पहल से राजगढ़ रेलवे स्टेशन की आधुनिकता और यात्रियों की सुविधा दोनों में सुधार होगा।























































