राजगढ़ उपखंड क्षेत्र के ग्राम ठेकडीन में उस समय हलचल मच गई जब एक खेत में अजगर दिखाई दिया। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने तुरंत वन विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही रेंजर रविन्द्र सिंह भाटी, फोरेस्टर दिलीप सिंह और उनकी टीम मौके पर पहुंची और सावधानीपूर्वक अजगर को पकड़ लिया।
वन विभाग की टीम ने अजगर को सुरक्षित रूप से झरना क्षेत्र स्थित लवकुश वाटिका के समीप प्राकृतिक जंगल में छोड़ दिया। इस कार्यवाही के दौरान पर्यावरण प्रेमी जूगनू तंबोली सहित कई लोग मौके पर उपस्थित रहे। वन विभाग की तत्परता और सजगता से अजगर को नुकसान पहुंचाए बिना सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित कर दिया गया, जिससे लोगों ने राहत की सांस ली।















