मुजफ्फरनगर। पुलिस अधीक्षक नगर अमृत जैन ने नगर जोन के सभी थानों में तैनात बीट कांस्टेबलों और डाक मुंशियों के साथ पुलिस कार्यालय में बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में बीट पुलिसिंग को और अधिक प्रभावी एवं मजबूत बनाने के साथ ही पुलिसकर्मियों को अपने-अपने क्षेत्र में सतर्कता बनाए रखने पर जोर दिया गया।
अमृत जैन ने बीट कांस्टेबलों को निर्देशित किया कि वे अपने बीट क्षेत्र की गतिविधियों पर लगातार नजर रखें और महत्वपूर्ण सूचनाओं को समय से एकत्र कर अधिकारियों तक पहुंचाएं। क्षेत्र में होने वाली घटनाओं, संदिग्ध व्यक्तियों तथा अपराध प्रवृत्ति के लोगों के संबंध में जानकारी जुटाकर तत्काल उच्चाधिकारियों को अवगत कराने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि मजबूत बीट पुलिसिंग से अपराध की रोकथाम और कानून व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने में मदद मिलेगी।
बैठक में डाक मुंशियों को थानों पर प्राप्त होने वाली डाक एवं महत्वपूर्ण पत्रावलियों के उचित रखरखाव, समयबद्ध निस्तारण तथा अभिलेखों को लगातार अद्यावधिक रखने के निर्देश दिए गए। पुलिस अधीक्षक नगर ने सभी कर्मचारियों से अपने दायित्वों का निर्वहन निष्ठा, अनुशासन और जिम्मेदारी के साथ करने को कहा। साथ ही जनसमस्याओं का त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।उन्होंने कहा कि पुलिस कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी बनाने के लिए अधिकारी और कर्मचारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।























































