बांदा। इंस्टाग्राम और फेसबुक पर 12 बोर का तमंचा लहरा कर खुद को हीरो समझने वाले के लिए बुरी खबर है। पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल ने साफ कर दिया है की रील में तमंचा दिखाओगे तो अगली रील जेल से बनेगी।थाना पैलानी पुलिस ने सोशल मीडिया पर तमंचे के साथ स्टेटस डालने वाले एक शातिर को केन नदी के रपटा पुल के पास से दबोच लिया। आरोपी प्रेमनारायण पुत्र राजाभईया, निवासी खप्टिहाकला, पैलानी को पुलिस ने इसे सोशल मीडिया पर ट्रेस किया और मुखबिर की सूचना पर जाल बिछाकर पकड़ लिया। तलाशी में इसके पास से एक 12 बोर का देसी तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ है। आरोपी तमंचे के साथ वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डालता था ताकि इलाके में उसकी धाक जमे। लेकिन उसकी ये धाक तब धरी की धरी रह गई जब पैलानी पुलिस ने उसे दबोचा।एसपी बांदा पलाश बंसल ने बताया कि हमने सोशल मीडिया सेल को एक्टिव कर रखा है। जो भी युवक अवैध असलहों का प्रदर्शन कर सोशल मीडिया पर दहशत फैलाने या फॉलोअर्स बढ़ाने की कोशिश करेगा, उसे किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। प्रेमनारायण जैसे लोग युवाओं को गलत रास्ते पर ले जाते हैं। थाना पैलानी पुलिस ने अच्छा काम किया है। जनपद में अवैध शस्त्रों के खिलाफ हमारा अभियान लगातार जारी रहेगा। अपराधी सोशल मीडिया पर हीरो बनने की कोशिश न करें, नहीं तो सलाखों के पीछे होंगे। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट में मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेज दिया है।























































