अलवर में कांग्रेस की “संविधान बचाओ रैली”: डोटासरा बोले- जनप्रतिनिधि जुड़ें आमजन से, सरिस्का घोटाले की CWC में उठी आवाज

अलवर। कांग्रेस पार्टी की ओर से शनिवार को अलवर के होटल स्वरूप विलास में “संविधान बचाओ रैली” का आयोजन किया गया। इस रैली में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने जनप्रतिनिधियों को सख्त संदेश देते हुए कहा कि यदि उन्हें संविधान के प्रति अपनी निष्ठा साबित करनी है तो आमजन के दुख-दर्द में शरीक होना ही होगा। उन्होंने सरिस्का बाघ अभ्यारण क्षेत्र की भूमि में हुए कथित 500 करोड़ रुपये के घोटाले का भी मुद्दा उठाया और कहा कि इसके पीछे बड़ी साजिश है।

रैली में राजस्थान प्रदेश प्रभारी सुखजिंद्र रंधावा ने स्वतंत्रता संग्राम में अलवर रियासत के योगदान को याद करते हुए कहा कि राज ऋषि जय सिंह जैसे महापुरुषों ने देश की आज़ादी के लिए अपने प्राण न्यौछावर कर दिए, जबकि वर्तमान की डबल इंजन सरकार स्वतंत्रता संग्राम से दूर रही है। वहीं असम प्रभारी और पूर्व केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने कहा कि अलवर के महाराज जय सिंह ने ही पहली बार कांग्रेस का झंडा गोलमेज सम्मेलन में उठाया था और इस कारण उन्हें अपने जीवन की बलि देनी पड़ी थी।

नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने कहा कि संविधान निर्माण के बाद ही समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति को अधिकार मिले हैं, लेकिन भाजपा सरकार अब इन अधिकारों को छीनने का प्रयास कर रही है। उन्होंने सरिस्का अभ्यारण क्षेत्र की CWC मीटिंग में भी आपत्ति जताते हुए कहा कि वहां का हैवीवेट टाइगर ज़ोन बदला जा रहा है, जो अलवर के हित में नहीं है। आवश्यकता पड़ने पर वे सुप्रीम कोर्ट तक जाने को तैयार हैं।

महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष सारिका सिंह ने भाजपा सरकार पर लोकतंत्र को खत्म कर सत्ता के केंद्रीकरण का आरोप लगाया और कहा कि अब संविधान को बचाना जरूरी हो गया है। वहीं महिला कांग्रेस जिला अध्यक्ष कमलेश सैनी के नेतृत्व में सैकड़ों महिलाओं ने प्रदेश अध्यक्ष का जोरदार स्वागत किया।

रैली में भरतपुर सांसद संजना जाटव ने कहा कि संविधान से मिले अधिकारों के बल पर ही कोई प्रतिनिधि संसद तक जनता की आवाज़ पहुँचा सकता है, और भाजपा सरकार इन्हीं अधिकारों को कमजोर करना चाहती है।

इस मौके पर पूर्व विधायक शकुंतला रावत, विधायक मांगीलाल मीणा, ललित यादव, दीपचंद खेरिया, संदीप यादव, कांग्रेस सेवा दल के हेम सिंह जादौन, एनएसयूआई के विनोद जाखड़, पूर्व विधायक कृष्ण मुरारी गंगावत, बलजीत यादव, जोहरीलाल मीणा, विधायक कांति मीणा, धर्मेंद्र सिंह, बीपी सुमन, रोहिताश, अजीत यादव, मूलचंद गुर्जर, अंकित खंडेलवाल, राकेश बैरवा, हिम्मत सिंह चौधरी सहित हजारों कार्यकर्ता मौजूद रहे।

कार्यक्रम के अंत में कांग्रेस जिला अध्यक्ष योगेश मिश्रा ने सभी अतिथियों, कार्यकर्ताओं व मीडिया का आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts