बाँदा। शहर के बीचो-बीच शंकर नगर में चल रही मौत की फैक्ट्री का कोतवाली पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल के निर्देशन में हुई इस बड़ी कार्रवाई में 3.5 लाख रुपये कीमत का नकली व अपमिश्रित गुटखा, मशीन और कच्चा माल बरामद कर एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया है।थाना कोतवाली नगर पुलिस टीम ने शंकर नगर निवासी चंद्रप्रकाश उर्फ चंदू के मकान पर छापा मारा। आरोपी अपने ही घर में अभय भारत, साहू परिवार, जबर सुपाड़ी और शुभम_ जैसे ब्रांड के नाम पर नकली गुटखा तैयार कर रहा था।मौके से गुटखा बनाने की मशीन, 73 किलो मिश्रित तंबाकू व कटी सुपाड़ी, हजारों नकली रैपर और इलेक्ट्रॉनिक कांटा बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह कानपुर से कच्चा माल लाकर पिछले कई दिनों से यह अवैध धंधा कर रहा था और आसपास के क्षेत्रों में सप्लाई कर मोटा मुनाफा कमा रहा था। एसपी पलाश बंसल ने कहा कि जनपद में नशे और मिलावट का अवैध कारोबार किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। शंकर नगर में पकड़ी गई नकली गुटखा फैक्ट्री लोगों के स्वास्थ्य के साथ बड़ा खिलवाड़ थी। कोतवाली पुलिस की यह सराहनीय कार्रवाई है। गिरफ्तार अभियुक्त के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है और इस नेटवर्क से जुड़े सप्लायर और दुकानदारों की भी पहचान कर उनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी। अवैध नशे के खिलाफ हमारा अभियान लगातार जारी रहेगा। आरोपी चंद्रप्रकाश उर्फ चंदू पुत्र मूलचंद्र निवासी शंकर नगर के विरुद्ध थाना कोतवाली नगर में सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर लिया है। पुलिस अब इस अवैध कारोबार की पूरी चेन को खंगाल रही है।























































