मुजफ्फरनगर। जनपद में कानून एवं शांति व्यवस्था मजबूत बनाए रखने तथा आपसी भाईचारा और सौहार्दपूर्ण वातावरण कायम रखने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक नगर अमृत जैन ने सिविल लाइन क्षेत्र स्थित महमूदिया मदरसे में धर्मगुरुओं एवं संभ्रांत नागरिकों के साथ पीस कमेटी की बैठक की। बैठक में पुलिस-प्रशासन का सहयोग करते हुए शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की गई।
पुलिस अधीक्षक नगर ने कहा कि सभी लोग एक-दूसरे की भावनाओं का सम्मान करें और अपने क्षेत्रों में शांति एवं सद्भाव का माहौल बनाए रखें। किसी असामाजिक तत्व या साम्प्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाले व्यक्ति की गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचना देने की अपील की गई। साथ ही लोगों से किसी भी अफवाह पर ध्यान नहीं देने और सूचना की पुष्टि पुलिस अथवा प्रशासनिक अधिकारियों से करने को कहा गया।
बैठक में सोशल मीडिया के इस्तेमाल को लेकर भी लोगों को जागरूक किया गया। किसी की धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाली, भड़काऊ, गलत या अशोभनीय पोस्ट साझा नहीं करने तथा हिंसात्मक अथवा कानून विरोधी गतिविधियों से दूर रहने की अपील की गई।
अमृत जैन ने बताया कि पुलिस सोशल मीडिया पर लगातार निगरानी रख रही है। अफवाह या भ्रामक सूचना फैलाने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। धर्मगुरुओं और संभ्रांत नागरिकों से अपने-अपने क्षेत्रों में लोगों को शांति एवं सद्भाव के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया गया। बैठक में सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी नगर सिद्धार्थ के. मिश्रा सहित पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।























































