पुरकाजी नगर पंचायत के कैमरों की मदद से 17 फरवरी की रात 2 बजे मस्जिद अक्सा से दान पात्र चोरी करने वाले चोरों को पुरकाजी पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया। इस सफलता के बाद कस्बे के सामाजिक कार्यकर्ता शाहीन फरीदी, मस्जिद हलवाइयान के मुकर्रम फरीदी, इरशाद फरीदी, शमशाद फरीदी सहित दर्जनों जिम्मेदार लोग नगर पंचायत कार्यालय पहुंचे। वहां उन्होंने चेयरमैन जाहिर फारूकी को फूल मालाएं पहनाकर और सम्मान चिन्ह देकर सम्मानित किया। लोगों ने कस्बे में लगाए गए कैमरों और पुरकाजी पुलिस की कार्यशैली की सराहना की।
चेयरमैन जाहिर फारूकी की कार्यशैली को अलग और प्रभावी माना जा रहा है। उनके द्वारा कस्बे में लगाए गए आईपी कैमरों से अब तक कई चोर और बदमाश पकड़े जा चुके हैं। इन कैमरों की मदद से लगातार घटनाओं का खुलासा हो रहा है। 17 फरवरी को चोरों ने एचडीएफसी बैंक के सामने स्थित मस्जिद अक्सा से 1 क्विंटल 30 किलो वजनी दान पात्र चोरी कर लिया था, जिसमें हजारों रुपए थे। नगर पंचायत के कैमरों से चोरों की पहचान की गई और चोरी किया गया दान पात्र भी बरामद हुआ। इस सफलता से कस्बे की जनता में खुशी की लहर दौड़ गई।
इस उपलब्धि को देखते हुए शाहीन फरीदी और अन्य सामाजिक कार्यकर्ता नगर पंचायत कार्यालय पहुंचे और चेयरमैन जाहिर फारूकी को फूल मालाएं पहनाकर, शॉल ओढ़ाकर और सम्मान चिन्ह देकर सम्मानित किया। कस्बे के सभी जिम्मेदार लोगों ने जाहिर फारूकी की कार्यशैली की प्रशंसा की। चौधरी तहसीन अहमद एडवोकेट ने कहा कि जब से कस्बे को जाहिर फारूकी का नेतृत्व मिला है, लोग सुरक्षित महसूस कर रहे हैं। मुकर्रम फरीदी ने कहा कि कैमरों की वजह से कस्बे का हर व्यक्ति सुरक्षित है, यहां तक कि लोग अपनी साइकिलें सड़क पर खड़ी करके निश्चिंत हो जाते हैं। मस्जिद के जिम्मेदार लोगों ने भी जाहिर फारूकी की सराहना की।
आलम कुरेशी ने कहा कि कस्बे में सफाई व्यवस्था और अन्य सुविधाएं पहले से बेहतर हुई हैं। इस मौके पर जाहिर फारूकी ने कहा कि जनता ने लगातार दूसरी बार उन्हें चेयरमैन चुना है, इसलिए उनका कर्तव्य है कि वे अधिक से अधिक सुविधाएं और सुरक्षा प्रदान करें। उनका उद्देश्य पुरकाजी को हाईटेक, व्यवस्थित और अनुशासित बनाना है। इस अवसर पर शाहीन फरीदी, इरशाद फरीदी, मुकर्रम फरीदी, शमशाद फरीदी, आलम कुरेशी, वसीम सलमानी, शाह आलम गोड सभासद, आदिल फरीदी, सुलेमान सभासद, हाफिज मोहसिन सहित कई लोग मौजूद रहे।















