बांदा। पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल के सख्त तेवर के बाद जनपद में अपराधियों की अब खैर नहीं है। वर्दी से उलझना कितना महंगा पड़ सकता है इसका अंदाजा इसी घटना से लगाइए। थाना कोतवाली नगर क्षेत्र के कालूकुआं चौराहे पर कल शाम गनर ड्यूटी में तैनात आरक्षी संदेश शर्मा अपनी ड्यूटी पर था। तभी वहां खड़ी गाड़ी को हटाने की बात को लेकर एक युवक ने पुलिसकर्मी से न सिर्फ वाद-विवाद शुरू कर दिया बल्कि धक्का-मुक्की करके सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाई। पुलिस जवान ने तुरंत इसकी तहरीर थाना कोतवाली नगर में दी। मामला वर्दी की गरिमा से जुड़ा था,
इसलिए एसपी बांदा पलाश बंसल ने इसे गंभीरता से लिया और तुरंत गिरफ्तारी के लिए टीम गठित करने के आदेश दिए। आदेश मिलते ही कोतवाली नगर पुलिस एक्शन में आई और आरोपी को धर दबोचा। गिरफ्तार अभियुक्त अभिषेक उर्फ अभि पुत्र मायाराम निवासी खुरहण्ड, थाना गिरवां, जनपद बांदा का निवासी हैं। अभियुक्त के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय के समक्ष पेश कर जेल भेज दिया गया है।एसपी पलाश बंसल ने कहा कि पुलिसकर्मी अपनी जान जोखिम में डालकर जनता की सुरक्षा करते हैं। ड्यूटी पर तैनात किसी भी पुलिसकर्मी के साथ अभद्रता, वाद-विवाद और धक्का-मुक्की किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यह सीधे तौर पर सरकारी कार्य में बाधा है। जनपद में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई की जाएगी।























































