मुजफ्फरनगर प्रशासन के दिशा-निर्देश में आगामी त्योहारों पर शांति व्यवस्था बनाए रखने और महाशिवरात्रि पर्व को सकुशल संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी उमेश मिश्रा और पुलिस उप महानिरीक्षक/वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिषेक सिंह ने पुलिस प्रशासन की टीम के साथ नगर के शिव चौक पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने कांवड़ियों और श्रद्धालुओं के लिए की जा रही तैयारियों का जायजा लिया और नगर के मुख्य चौराहों का भ्रमण किया।
जिलाधिकारी ने नगर पालिका परिषद को महाशिवरात्रि पर्व से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं को समय पर पूर्ण करने और अन्य आवश्यक सेवाओं को सुचारू रूप से सुदृढ़ करने के निर्देश दिए। वहीं, पुलिस उप महानिरीक्षक/वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने सभी से कानून व्यवस्था बनाए रखने की अपील की और अधीनस्थ अधिकारियों को निर्देश दिया कि महाशिवरात्रि के अवसर पर पुलिस बल की उचित तैनाती सुनिश्चित की जाए। उन्होंने यातायात व्यवस्था बनाए रखते हुए पर्व को सुरक्षित और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने पर जोर दिया।
इस दौरान अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) नरेंद्र बहादुर सिंह, पुलिस अधीक्षक नगर सत्यनारायण प्रजापत, पुलिस अधीक्षक यातायात अतुल चौबे, नगर मजिस्ट्रेट विकास कश्यप, शहर कोतवाली प्रभारी अक्षय शर्मा, टीएसआई इंद्रजीत सिंह समेत अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।















