मुजफ्फरनगर के खादरवाला स्थित जिया उल उलूम पब्लिक स्कूल में वार्षिकोत्सव का आयोजन किया गया, जिसमें राष्ट्रीय सामाजिक संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं प्रसिद्ध समाजसेवी मनीष चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि विद्यालयों में बच्चों को संस्कार और राष्ट्रवाद की ओर प्रेरित कर धर्म और जाति से पहले देश के प्रति योगदान के लिए तैयार करने का सराहनीय कार्य हो रहा है। साथ ही, उन्होंने यह भी कहा कि समाज और देश की तरक्की में बाधा बन रहे कट्टरपंथ के खिलाफ शिक्षण संस्थानों को भी कार्य करने की आवश्यकता है।
कार्यक्रम के दौरान छोटे बच्चों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से देश और समाज के प्रति प्रेरक संदेश देने का सुंदर प्रयास किया। मनीष चौधरी ने शिक्षकों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि यह विद्यालय धार्मिक शिक्षा के साथ-साथ दुनियावी शिक्षा भी उपलब्ध करा रहा है, जिससे बच्चों को सफलता प्राप्त करने के अवसर मिल रहे हैं। मंचीय प्रस्तुति में बच्चों ने माता-पिता के संघर्ष और परिश्रम को संवेदनशीलता के साथ प्रस्तुत किया, जिसे अतिथियों ने सराहा। उन्होंने कहा कि आज के समय में कट्टरपंथ और चरमपंथ की सोच से युवा वर्ग प्रभावित हो रहा है, ऐसे में शिक्षण संस्थानों की भूमिका महत्वपूर्ण हो जाती है।
मौलाना रज़ी अनवर ने बताया कि जमीयत उलेमा-ए-हिंद और अखिल भारतीय संत समिति सांप्रदायिक विभाजन को समाप्त कर शांति बढ़ाने के लिए संवाद कर रही हैं। मौलाना अहमद ने कहा कि विद्वान पंडित और मौलवी कार्यशालाओं और अभियानों के माध्यम से इस प्रयास को आगे बढ़ा रहे हैं, ऐसे में शिक्षण संस्थानों को भी इसमें योगदान देना चाहिए।
नगरपालिका परिषद की अधिशासी अधिकारी डॉ. प्रज्ञा सिंह ने स्पेशल पेरेंट्स प्रतियोगिता के विजेताओं का चयन कर उन्हें स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। इसके अलावा, उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को भी पुरस्कृत किया गया। उन्होंने कहा कि विद्यालय बच्चों को देश, धर्म और दायित्वों से जोड़ने का कार्य करते हैं।
प्रधानाचार्य नदीम खान ने बताया कि वार्षिकोत्सव के दौरान बच्चों ने देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, जिससे उनकी प्रतिभा को निखारने का अवसर मिला। अभिभावकों को भी अपने बच्चों की क्षमताओं से परिचित होने का अवसर मिला। इस कार्यक्रम में मुख्य रूप से समाजसेवी मनीष चौधरी, ईओ प्रज्ञा सिंह, मौलाना रज़ी अनवर, मौलाना अहमद, फैजुर रहमान, मैनेजर नाजिश ग़ज़ाली, प्रधानाचार्य नदीम खान, इफ्फत, उज़मा, फिज़ा, शाहीन, मरियम, सुब्हान सहित बच्चों के अभिभावक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन प्रधानाचार्य नदीम खान और मरियम ने संयुक्त रूप से किया।















