मुजफ्फरनगर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जन्मदिवस के अवसर पर ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के अंतर्गत पीडब्ल्यूडी अतिथि गृह, भोपा बाईपास के निकट भव्य वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना तथा अधिक से अधिक लोगों को वृक्षारोपण के लिए प्रेरित करना था। इस अवसर पर बड़ी संख्या में स्काउट-गाइड पदाधिकारी, शिक्षक, छात्र-छात्राएं एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल रहे। उन्होंने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया और कहा कि वृक्ष मानव जीवन का आधार हैं। उन्होंने उपस्थित लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनकी नियमित देखभाल करने का आह्वान किया। मंत्री ने स्काउट एवं गाइड सदस्यों को आशीर्वाद देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा समाज और राष्ट्र निर्माण में उनकी सक्रिय भूमिका की सराहना की।कार्यक्रम में जिला मुख्यायुक्त डॉ. कंचन प्रभा शुक्ला, जिला सचिव अनिल कुमार कौशिक, जिला कोषाध्यक्ष सुनील शर्मा, जिला गाइड कमिश्नर डॉ. राजेश कुमारी, जिला सहायक गाइड कमिश्नर रेनू गर्ग, गाइड प्रतिनिधि किरण देवी, डीओसी स्काउट/गाइड भारत भूषण अरोड़ा, प्रभा दहिया, आजीवन सदस्य डॉ. राजीव, जिला आईटी कोऑर्डिनेटर अनुज कुमार, प्रशिक्षण काउंसलर आयुष चौधरी, ज्योति रानी, साक्षी, नैना रानी तथा गाइड कैप्टन बबीता रानी सहित विभिन्न विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के स्काउट-गाइड पदाधिकारी मौजूद रहे।
वृक्षारोपण कार्यक्रम के उपरांत मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने प्रादेशिक एडवेंचर एवं ट्रैकिंग कैंप में प्रतिभाग करने वाले स्काउट-गाइड विद्यार्थियों को सम्मानित किया। उन्होंने विद्यार्थियों को साहसिक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने, अनुशासन एवं सेवा भावना को जीवन में अपनाने तथा राष्ट्रहित के कार्यों में सक्रिय योगदान देने के लिए प्रेरित किया। सम्मान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों में विशेष उत्साह देखने को मिला।कार्यक्रम का समापन पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और सेवा भावना को आगे बढ़ाने के संकल्प के साथ हुआ। कार्यक्रम का संचालन जिला संगठन कमिश्नर भारत भूषण अरोड़ा ने किया। उपस्थित सभी लोगों ने पौधारोपण को जनआंदोलन बनाने और आने वाली पीढ़ियों के लिए हरित एवं स्वच्छ वातावरण तैयार करने का संकल्प लिया।























































