मुजफ्फरनगर में पुलिस भर्ती परीक्षा की तैयारियां पूरी, 17 केंद्रों पर 8232 अभ्यर्थी देंगे परीक्षा,

मुजफ्फरनगर। जिलाधिकारी उमेश मिश्रा की अध्यक्षता में जिला पंचायत सभागार में 8, 9 और 10 जून 2026 को आयोजित होने वाली उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा की तैयारियों को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी, नकलविहीन और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बताया गया कि जनपद में यह परीक्षा प्रतिदिन दो पालियों में आयोजित होगी। प्रथम पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा द्वितीय पाली अपराह्न 3 बजे से शाम 5 बजे तक संचालित की जाएगी। परीक्षा में कुल 8232 अभ्यर्थी शामिल होंगे, जिनके लिए जिले के 17 परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए हैं।बैठक में जानकारी दी गई कि परीक्षा संचालन के लिए 17 सेक्टर मजिस्ट्रेट, 17 स्टेटिक मजिस्ट्रेट, 17 केंद्र व्यवस्थापक, 36 सहायक केंद्र व्यवस्थापक तथा 686 कक्ष निरीक्षकों की तैनाती की गई है। जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे परीक्षा केंद्रों का पूर्व निरीक्षण कर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें तथा किसी भी प्रकार की कमी को समय रहते दूर कराएं। उन्होंने परीक्षा केंद्रों पर पेयजल, विद्युत व्यवस्था, जनरेटर, पंखे, महिला एवं पुरुष शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि परीक्षा के दौरान और परीक्षा समाप्त होने तक सभी सीसीटीवी कैमरे सुचारु रूप से संचालित रहें,

 

जिलाधिकारी ने केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देश दिए कि परीक्षा केंद्रों के अतिरिक्त अन्य सभी कक्ष बंद रखे जाएं और परीक्षा परिसर में किसी भी अनधिकृत व्यक्ति का प्रवेश न हो। उन्होंने स्पष्ट किया कि ड्यूटी पर तैनात सभी कर्मचारियों को पहचान पत्र उपलब्ध कराया जाए तथा कोई भी अधिकारी या कर्मचारी मोबाइल फोन, घड़ी अथवा अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण लेकर परीक्षा केंद्र में प्रवेश न करे।बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने कहा कि परीक्षा के दौरान प्रत्येक केंद्र पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा। अभ्यर्थियों के लिए बायोमेट्रिक सत्यापन अनिवार्य होगा तथा परीक्षा कक्ष में प्रवेश से पूर्व मुख्य द्वार पर गहन जांच की जाएगी। परीक्षा की संपूर्ण प्रक्रिया सीसीटीवी निगरानी में संपन्न होगी। बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के आगमन को देखते हुए यातायात एवं परिवहन व्यवस्था को भी सुदृढ़ किया जाएगा। रोडवेज बसों के अतिरिक्त फेरे चलाने तथा प्रमुख चौराहों पर विशेष यातायात प्रबंधन के निर्देश दिए गए हैं ताकि अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में किसी प्रकार की परेशानी न हो। बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रशासन संजय कुमार सिंह, पुलिस अधीक्षक यातायात अतुल कुमार चौबे सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts